जयपुर: पिछले कुछ दिनों से राजस्थान और खासकर राजधानी जयपुर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत और सप्लाई रुकने को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें और असत्यापित संदेश वायरल हो रहे थे। इन अफवाहों के कारण आम जनता के बीच ईंधन खत्म होने का डर बैठने लगा था। लेकिन अब देश की दिग्गज ऑयल कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने इस पूरे मामले पर आधिकारिक बयान जारी कर अफवाहों पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है। HPCL ने साफ किया है कि राजस्थान में ईंधन का कोई संकट नहीं है, बल्कि सप्लाई पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है।
पिछले साल के मुकाबले रिकॉर्ड तोड़ सप्लाई
HPCL ने जनता का भ्रम दूर करने के लिए 1 मई से 20 मई 2026 तक के आधिकारिक आंकड़े जारी किए हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि राज्य में तेल की कोई कमी नहीं है, बल्कि इस बार रिकॉर्ड तोड़ ग्रोथ दर्ज की गई है।
पूरे राजस्थान में पेट्रोल (MS): इस अवधि में ऐतिहासिक बिक्री 42,501 किलोलीटर के मुकाबले कंपनी ने 50,575 KL पेट्रोल की सप्लाई की है, जो कि 19% की भारी बढ़ोतरी है।
पूरे राजस्थान में डीजल (HSD): पुरानी बिक्री 91,894 किलोलीटर के मुकाबले इस बार 1,14,422 KL डीजल सप्लाई किया गया है, यानी सीधे 24.5% की शानदार ग्रोथ।
जयपुर में भी सप्लाई ‘सुपरफास्ट’
राजधानी जयपुर को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों को खारिज करते हुए HPCL ने बताया कि जयपुर के रिटेल आउटलेट्स पर पेट्रोल की सप्लाई में 18.4% और डीजल की सप्लाई में 21.3% की बढ़त दर्ज की गई है।
जयपुर में ईंधन की कोई कमी नहीं है। सभी रिटेल आउटलेट्स (पेट्रोल पंप) पूरी तरह सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। वहां नियमित रूप से तेल के टैंकर पहुंच रहे हैं और स्टॉक की पूर्ति का काम बिना किसी रुकावट के लगातार जारी है।
सोशल मीडिया की अफवाहों से बचने की अपील
डर के मारे जरूरत से ज्यादा तेल खरीदने की होड़ को रोकने के लिए HPCL के अधिकारी और फील्ड टीमें खुद जमीन पर उतरी हुई हैं। ये टीमें लगातार पेट्रोल पंप मालिकों और ग्राहकों से संपर्क कर रही हैं ताकि किसी भी तरह की शंका को तुरंत दूर किया जा सके। HPCL ने राजस्थान के सभी उपभोक्ताओं से पुरजोर अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रहे किसी भी असत्यापित मैसेज या अफवाह के बहकावे में न आएं। राज्य में तेल का पर्याप्त भंडार है, इसलिए लोग अपनी सामान्य जरूरत के हिसाब से ही पेट्रोल-डीजल खरीदें।