लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी ने राजस्थान के जंगलों को मुसीबत में डाल दिया है. उच्च तापमान और सूखी हवाओं के कारण जंगलों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं. धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड में पिछले एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार जंगल में आग लगने की घटना सामने आई है.
सोने का गुर्जा क्षेत्र में लगी भीषण आग
बाड़ी उपखंड के सोने का गुर्जा जंगल क्षेत्र में आज आग लग गई. सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. बाड़ी, बसेड़ी, सरमथुरा और धौलपुर से दमकल गाड़ियां और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. ग्रामीणों द्वारा पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए गए. छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों, वनकर्मियों और ग्रामीण युवाओं के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका.
आग बुझाने के अभियान में गेल कंपनी के ऑफिस से भी एक दमकल पहुंची. डिकेटीआर (धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व) के डीएफओ आशीष व्यास और अन्य रेंज अधिकारी मौके पर पहुंचे. हल्का पटवारी हरविंद्र सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों से अतिरिक्त पानी के टैंकरों की व्यवस्था कराई. स्थानीय ग्रामीण युवाओं ने भी आग बुझाने में सक्रिय भूमिका निभाई और दमकलकर्मियों का पूरा सहयोग किया. सभी की सामूहिक कोशिश से आग को नियंत्रित किया जा सका और आगे फैलने से रोका गया.
प्रशासन की सतर्कता की जरूरत
वन अधिकारी चेतावनी दे रहे हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी, इसलिए जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ सकती हैं. उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जंगलों के पास पराली या कूड़ा न जलाएं और किसी भी तरह की चिनगारी से बचें. प्रशासन और वन विभाग लगातार निगरानी रख रहा है. ऐसी घटनाओं से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है बल्कि वन्यजीवों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है.