जोधपुर: सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पिछले 24 घंटे से राजस्थान के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है. यह वीडियो पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के बेटे की सगाई की बताई जा रही है. इस वीडियो में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा को लाल डायरी कहकर संबोधित करते दिख रहे हैं.
वायरल वीडियो में क्या है?
सगाई समारोह में अशोक गहलोत कुछ लोगों के साथ बैठे दिख रहे हैं. तभी जबरदस्त शेरवानी और माथे पर राजस्थानी पगड़ी बांधे हुए पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ एक शख्स का हाथ पकड़कर अशोक गहलोत से मिलवाने लाते हैं. यह शख्स कोई और नहीं बल्कि पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा हैं. राजेंद्र गुढ़ा को देखते ही अशोक गहलोत पीछे की तरफ मुड़ते हैं और हाथ मिलाते हुए कहते हैं- ‘लाल डायरी.’ इतना सुनते ही वहां मौजूद तमाम लोग हंसने लगते हैं. तभी इस हंसी ठिठोली के बीच में धर्मेंद राठौड़ भी मौके पर चौका जमाते हुए कहते हैं- ‘अपनी सरकार को बचाने वाले भी यही हैं.’ कांग्रेस नेताओं की हंसी ठिठोली का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
राजस्थान का लाल डायरी प्रकरण क्या है?
याद करा दें कि साल 2023 में राजस्थान की राजनीति में लाल डायरी प्रकरण काफी सुर्खियों में रहा था. अशोक गहलोत सरकार से बर्ख़ास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा अचानक राजस्थान विधानसभा में लाल डायरी लेकर पहुंचे थे. यहां उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. राजेंद्र गुढ़ा के आरोपों से कांग्रेस की छवि को काफी नुकसान हुआ था. माना जाता है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने लाल डायरी के मुद्दे का जोरशोर से उठाया था जिसकी वजह से कांग्रेस को काफी नुकसान हुआ था. राजेंद्र गुढ़ा ने आरोप लगाया था कि उन्हें सच बोलने की सज़ा दी गई.