Rajasthan AQI Update: राजस्थान में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच अब वायु प्रदूषण एक गंभीर रूप ले चुका है.मरुधरा के कई जिलों में फैक्ट्रियों के धुएं, धूल और कचरा जलने से निकलने वाली जहरीली गैसों ने कोहरे के साथ मिलकर जानलेवा स्मॉग (Smog) बना लिया है.अब स्थिति यह है कि सड़कों पर दृश्यता कम होने के साथ-साथ अब आमजन के लिए शुद्ध हवा में सांस लेना भी दूभर हो गया है.
प्रमुख शहरों का AQI
आज सुबह दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान के कई औद्योगिक और शेखावाटी क्षेत्र के शहर की हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गए हैं. आज के ताजा अपडेट के अनुसार भिवाड़ी का AQI 270 बहुत खराब, चूरू 222 AQI,सीकर 219 AQI,नागौर AQI 202 जो बहुत खराब श्रेणी में आते हैं तो वहीं जयपुर में AQI 179 खराब दर्ज किया गया है.
स्वास्थ्य पर संकट
विशेषज्ञों के अनुसार, 201 से 300 के बीच का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी वाले लोगों के लिए बेहद संवेदनशील होता है.हवा में मौजूद सूक्ष्म कण फेफड़ों,अस्थमा और हृदय रोग से पीड़ित मरीजों की तकलीफ को कई गुना बढ़ा रहे हैं. खराब श्रेणी की हवा में लंबे समय तक रहने से सामान्य स्वस्थ व्यक्तियों को भी सांस लेने में समस्या महसूस हो सकती है.
मास्क और बचाव
प्रदूषण और गिरते तापमान के इस घातक हमले से बचने के लिए डॉक्टरों ने कुछ कड़े सुझाव दिए हैं- साधारण कपड़े का मास्क प्रदूषण के सूक्ष्म कणों (PM 2.5) को नहीं रोक पाता, इसलिए बाहर निकलते समय केवल N-95 मास्क का ही प्रयोग करें. सुबह और शाम के समय जब स्मॉग का स्तर चरम पर होता है, तब पार्क में घूमने या एक्सरसाइज करने से पूरी तरह बचें.
सावधानी
घर की खिड़कियां बंद रखें और संभव हो तो एयर प्यूरिफायर चलाएं. अपने आसपास कचरा या लकड़ियां न जलाएं और धूल उड़ने वाले स्थानों पर पानी का छिड़काव करें.