राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो चुकी हैं. हाल ही में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब सरकार के मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की अटकलें लगाई जा रही हैं. माना जा रहा है कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने से पहले ही प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार होगा. फिलहाल सरकार में मुख्यमंत्री सहित 24 मंत्री हैं, जबकि 30 मंत्री बनाए जा सकते हैं फ़िलहाल छह पद रिक्त है. आगामी फेरबदल में इन पदों को भरा जा सकता है.
मंत्रिमंडल विस्तार में वसुंधरा राजे गुट को भी साधने की तैयारी चल रही है, जिससे पार्टी में संगठनात्मक और क्षेत्रीय राजनीति के हिसाब से आपसी सामंजस्य बना रहे. वसुंधरा गुट के नेताओं को मंत्रिमंडल विस्तार में जगह मिलने की उम्मीद है. वहीं मंत्रिमंडल में आदिवासी और शेखावाटी क्षेत्र के चेहरों को शामिल किया जा सकता है.
कई मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी
कैबिनेट में विस्तार के साथ साथ फेरबदल की भी चर्चाएं जोरों पर हैं. कई मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं तो कुछ की मंत्रिमंडल से छुट्टी भी संभव है. इसी को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा कर रहे हैं और विधायकों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मंत्रियों के कामकाज का फीडबैक लिया जा रहा है. ऐसे में कई मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है.
नए चेहरों को मिल सकता है मौका
मंत्रिमंडल विस्तार में दलित और गुर्जर समुदाय का प्रतिनिधित्व बढ़ सकता है. वहीं पूर्वी राजस्थान से भी नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना है. पिछले दिनों गुजरात में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब राजस्थान में बड़ा बदलाव दिखाई दे सकता हैं.