जयपुर। राजस्थान में बुधवार से एक बार फिर मौसम बदलेगा। मौसम विभाग ने बुधवार को 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 19 और 20 मार्च को लगभग पूरे राजस्थान में अलर्ट है। इस दौरान ओले भी गिरेंगे।
प्रदेश के लगभग अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को बादल छाए। धूप कम रही। तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हुई। बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और जोधपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज हुआ। मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत रही।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में सिस्टम का असर बुधवार से देखने को मिलेगा। कई शहरों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 21 मार्च से प्रदेश में इस सिस्टम का असर खत्म होगा और आसमान साफ रहेगा।
चित्तौड़गढ़ में रहा सबसे ज्यादा तापमान
जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर, अजमेर, पाली, जयपुर, भरतपुर, दौसा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक में मंगलवार को बादल छाए। कोटा संभाग में भी बादल छाए रहे।
मंगलवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.9 और कोटा में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 28.5 और हनुमानगढ़ में 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां गर्मी का असर बहुत कम रहा।
रात का पारा 15 डिग्री से नीचे आया
राज्य में दिन के साथ ही रात के तापमान में भी गिरावट आई है। मंगलवार को सीकर, चूरू, श्रीगंगानगर, भीलवाड़ा, दौसा, पाली समेत कई शहरों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर (सीकर) में दर्ज हुआ।