Rajasthan Vidyut Nigam Technician Grade III Group I Result 2025: राजस्थान के विद्युत निगमों में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. टेक्नीशियन-III (ITI) भर्ती की ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा का ग्रुप-I रिजल्ट शुक्रवार को घोषित कर दिया गया है. लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है. रिजल्ट जारी होने के साथ ही भर्ती प्रक्रिया अब अगले चरण की ओर बढ़ गई है.
कहां और कैसे देखें रिजल्ट?
परीक्षा में शामिल उम्मीदवार ऊर्जा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट – energy.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं. ग्रुप-I में इलेक्ट्रीशियन, पावर इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, लाइनमैन और एसबीए जैसे तकनीकी पद शामिल हैं. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें.
2163 पदों के लिए कराई गई थी परीक्षा
यह भर्ती अभियान कुल 2163 पदों के लिए चलाया जा रहा है. इसमें टेक्नीशियन-III, ऑपरेटर-III और प्लांट अटेंडेंट-III (आईटीआई) के पद शामिल हैं. इन पदों के लिए 24 नवंबर से 27 नवंबर के बीच राजस्थान के विभिन्न जिलों में ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी. परीक्षा दो शिफ्टों में संपन्न हुई थी, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया था.
ग्रुप-I के नतीजों से भर्ती प्रक्रिया को मिली गति
विद्युत निगम इससे पहले ग्रुप-II, ग्रुप-III और ग्रुप-IV की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जनवरी में जारी कर चुके हैं. अब ग्रुप-I का परिणाम घोषित होने से पूरी चयन प्रक्रिया को और गति मिली है. निगमों ने बताया है कि प्रत्येक ग्रुप में पदों की संख्या से लगभग दस गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया है.
23,789 उम्मीदवार होंगे मुख्य परीक्षा में शामिल
जारी आंकड़ों के अनुसार, ग्रुप-I से 22,893 अभ्यर्थी, ग्रुप-II से 360, ग्रुप-III से 175 और ग्रुप-IV से 361 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए योग्य पाए गए हैं. इस तरह कुल 23,789 अभ्यर्थी अब अगले चरण यानी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे. पास हुए उम्मीदवारों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए भी सूचना दे दी गई है.
सितंबर 2025 में शुरू हुई थी आवेदन प्रक्रिया
इस भर्ती के तहत राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम में 150 पद, जयपुर विद्युत वितरण निगम में 603 पद, अजमेर विद्युत वितरण निगम में 498 पद और जोधपुर विद्युत वितरण निगम में 912 पद निर्धारित किए गए हैं. इन पदों के लिए सितंबर 2025 में ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे.
मुख्य परीक्षा की तैयारी शुरू करने की सलाह
रिजल्ट जारी होने के बाद अब उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुटने की सलाह दी गई है. विद्युत निगमों ने स्पष्ट किया है कि आगे की परीक्षा तारीख, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी अपडेट के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें. यह भर्ती राजस्थान के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का एक अहम अवसर मानी जा रही है.