जयपुर: राजस्थान के मौसम में इस समय दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां कुछ संभागों में धूलभरी आंधी और बारिश का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। हीटवेव के चलते यहां पारा कई स्थानों पर 45 डिग्री के पार चला गया है। बीते दिन सरहदी जिले बाड़मेर का तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन जिलों में ‘येलो’ अलर्ट
मौसम विभाग ने भीलवाड़ा, बूंदी, प्रतापगढ़, कोटा और चित्तौड़गढ़ जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों मे मेघगर्जन और चमक के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की गरज-चमक होने की संभावना है। साथ ही 30-40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं और धूलभरी आंधी चल सकती है। यहां कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार माने जा रहे हैं। इसी तरह आज कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं आंधी-बारिश की स्थिति के साथ बाकी अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के चलते विजिबिलिटी कम
मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान के मौसम में लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिल रही है। विभाग का कहना है कि कई स्थानों पर धूलभरी आंधी के चलते विजिबिलिटी कम होगी। आंधी के कारण दृश्यता कम हो सकती है, अतः वाहन चालक विशेष सावधानी बरतने की जरूरत हैं। इसके साथ ही विभाग ने सुरक्षा सलाह और सावधानियां बरतने के लिए भी कहा है। विभाग का कहना है कि मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें। किसी पक्की छत वाले सुरक्षित स्थान पर ही रुकें।
जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम
नया पश्चिमी विक्षोभ 11-12 मई को स्थापित होगा। एक नए सिस्टम के सक्रिय होने से बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। इधर, पश्चिमी राजस्थान में अगले 5-6 दिनों तक हीटवेव (लू) और ‘ऊष्ण रात्रि’ (बेहद गर्म रातें) रहने की प्रबल संभावना है।