नई दिल्ली. राजस्थान में जल्द ही एक एक्सप्रेसवे बनेगा. जयपुर के बगरू से बालोतरा के पटाऊ तक बनने वाले इस एक्सप्रेसवे की अधिसूचना सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने जारी कर दी है. अब इसकी डीपीआर बनाई जाएगी. कंसल्टिंग इंजीनियर ग्रुप सीईजी लिमिटेड को डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी दी गई है. 278 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का फायदा राज्य के छह जिलों को होगा. इसके बनने से पाली से जयपुर जाने में डेढ घंटा कम लगेगा. यह एक्सप्रेसवे अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा. इससे राजस्थान की पंजाब और गुजरात से कनेक्टिविटी और बढेगी.
यह एक्सप्रेसवे छह जिलों, पाली, जयपुर, अजमेर, ब्यावर, जालोर और बालोतरा से होकर गुजरेगा. जयपुर में 52 किलोमीटर, अजमेर में 52 से 120 किलोमीटर, ब्यावर में 120 से 161 किलोमीटर, पाली में 161 से 226 किलोमीटर, जालोर 226 से 235 किलोमीटर व बालोतरा में 235 से 278 किलोमीटर निर्माण होगा. इसके बनने से रोहट क्षेत्र से सीधे जयपुर और जोधपुर तक जा सकेंगे.
जयपुर-बालोतरा एक्सप्रेसवे रूट
यह एक्सप्रेसवे जयपुर से 28 किलोमीटर पहले बगरू से शुरू होकर बालोतरा के पटाऊ तक बनेगा. यह पाली के 31 गांवों से गुजरेगा जिनमें इंद्रा नगर, सांपा, खेतावास, पाली, भांबोलाई, भालेलाव, निंबाडा, निंबली उर्रा, बागडिया, दूदिया, कानावास, ढाबर, खारड़ा, बांडाई, चोटिला, सवाईपुरा, बिठू, रेवड़ा खुर्द आदि शामिल हैं. वहीं जालोर के आहोर तहसील के बरवा व धाणा गांव से गुजरेगा. बालोतरा के ठाकर खेडा, मजल, करमावास, थापन, मूथली कुसीप जैसे गांवों से गुजरेगा.
एक से डेढ घंटा लगेगा कम
इस एक्सप्रेसवे के बनने से पाली से बालोतरा की दूरी 155 किलोमीटर से घटकर 115 किलोमीटर रह जाएगी. अभी दोनों शहरों की यात्रा में 3 घंटे लगते हैं. एक्सप्रेसवे बन जाने पर केवल डेढ घंटा लगेगा.