जयपुर। राजस्थान के कई बड़े शहरों में डाकघरों और पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद उदयपुर, बीकानेर, कोटपूतली-बहरोड़, भीलवाड़ा, दौसा, सिरोही, कोटा, अलवर, जैसलमेर, बांसवाड़ा, झालावाड़ और सवाई माधोपुर सहित कई शहरों में पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित परिसरों को खाली करवाया और सर्च अभियान शुरू किया।
सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर कई स्थानों पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्तों की मदद से जांच की। फिलहाल अधिकांश स्थानों पर तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु सामने नहीं आई है। जानकारी के मुताबिक, करीब 12:40 बजे हेड ऑफिस जयपुर से आए एक मेल में पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी की सूचना मिली थी। धमकी भरे मेल में लिखा था कि पाकिस्तान आईएसआई निवेथा उदयनिधि पेथुराज जिंदाबाद। आपके पासपोर्ट पोस्टल ऑफिस में पांच सायनाइड गैस से भरे IED ब्लास्ट करेंगे। गौरतलब है कि निवेथा पेथुराज भारत के दक्षिण सिनेमा की अभिनेत्री हैं।
उदयपुर में लेकसिटी मॉल स्थित पासपोर्ट केंद्र खाली कराया
उदयपुर में लेकसिटी मॉल में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मॉल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मॉल में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकलवाकर एंट्री बंद कर दी गई।
डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ और भूपालपुरा थानाधिकारी आदर्श कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद डॉग स्क्वायड की मदद से मॉल के अंदर करीब एक घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि जयपुर पासपोर्ट ऑफिस के मेल पर उदयपुर पासपोर्ट सेवा केंद्र को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था।
बीकानेर में हेड पोस्ट ऑफिस खाली कराया
बीकानेर शहर में जूनागढ़ किले के पीछे स्थित हेड पोस्ट ऑफिस को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पूरे पोस्ट ऑफिस परिसर को खाली करवाकर कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाल दिया गया।
इंस्पेक्टर ऑफ पोस्ट पुष्प राठी ने बताया कि पोस्ट ऑफिस को संदिग्ध ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र में भी निगरानी बढ़ा दी गई।
कोटपूतली-बहरोड़ में पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर की तलाशी
कोटपूतली-बहरोड़ में भी पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। कोटपूतली पुलिस स्टेशन के पास स्थित डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर को तत्काल खाली कराया गया।