Anta by-election : राजस्थान की सियासत में अब सभी की नजरें अंता विधानसभा उपचुनाव पर टिक गई हैं। सोमवार को चुनाव आयोग ने अंता सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इस उपचुनाव को भाजपा के लिए अपनी सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर और कांग्रेस के लिए सत्ता विरोधी लहर तैयार करने का मौका माना जा रहा है। अंता में 11 नवंबर को मतदान होगा, जिसमें 2 लाख 27 हजार 563 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
यह सीट भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा के 3 साल की सजा के कारण अयोग्य घोषित होने से रिक्त हुई थी। कंवरलाल मीणा की ओर से सजा कम कराने के लिए दया याचिका भी राज्यपाल के पास भेजी गई थी, लेकिन राहत नहीं मिली। अब चुनाव आयोग की घोषणा के साथ ही अंता में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
13 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू
चुनाव की अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी और उसी दिन से नामांकन प्रक्रिया भी प्रारंभ हो जाएगी। 21 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तिथि रहेगी, जबकि 23 अक्टूबर को जांच और 27 अक्टूबर को नाम वापस लेने की तिथि तय की गई है। इसके साथ ही अंता विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। क्षेत्र में कुल 268 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा
आगामी उपचुनाव में दोनों दलों के संभावित उम्मीदवारों के नाम चर्चा में हैं। कांग्रेस खेमे में पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया और उनकी पत्नी जिला प्रमुख उर्मिला जैन के नाम चल रहे हैं। वहीं भाजपा में पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग, अंता प्रधान प्रखर कौशल, नगरपालिका अध्यक्ष रामेश्वर खंडेलवाल, विष्णु गौतम और पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी के नामों पर चर्चा है।