Rajasthan Weather: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से 30 मार्च तक मौसम खराब रहेगा. आज जयपुर और भरतपुर संभाग में येलो अलर्ट जारी किया गया है. 29-30 मार्च को 50 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश की संभावना है. फिलहाल कोटा (38.9°C) सबसे गर्म है, लेकिन बारिश से पारे में गिरावट आएगी.
राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. चटख धूप और बढ़ती तपिश के बीच अब आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल दिया है. मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के बड़े हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते भारी बारिश और धूलभरी आंधी की चेतावनी जारी की है.
राजस्थान दैनिक मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार,पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा दर्ज की गई. वहीं सबसे अधिक वर्षा पिलानी ( झुंझुनू) में 7.8 मिली. तक दर्ज की गई है.
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आज शुक्रवार को प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में मौसम बिगड़ सकता है. प्रभावित क्षेत्रों में जयपुर, अजमेर, दौसा, अलवर, भरतपुर, करौली और सवाई-माधोपुर हैं. इन जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है. साथ ही 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
भले ही बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है, लेकिन प्रदेश के कुछ हिस्सों में सूरज के तेवर अभी भी तीखे हैं. वहीं अधिकतम तापमान के आधार पर गुरुवार को कोटा 38.9°C के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा. प्रमुख शहरों का पारा को देखें तो बाड़मेर (38.1°C), चित्तौड़गढ़ (38.4°C) और जयपुर (35.2°C) में भी गर्मी का असर देखा गया.