Palmistry: हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, व्यक्ति के हाथ में बनी कई रेखाएं उसके स्वभाव, विचारों और मानसिक अवस्था के बारे में संकेत देती हैं. माना जाता है कि यदि हम समय रहते अपने मन से जुड़े बदलावों को पहचान लें, तो तनाव या अवसाद जैसी समस्याओं से बचना आसान हो सकता है. हाथ की मस्तिष्क रेखा और चंद्र पर्वत पर बने विशेष चिह्न व्यक्ति की सोच और भावनाओं की दशा को दर्शाते हैं. हस्तरेखा विशेषज्ञों के अनुसार कुछ लोगों के हाथ में ऐसी रेखाएँ होती हैं जो अत्यधिक सोचने, शंका करने या कल्पनाओं में खोए रहने की प्रवृत्ति की ओर इशारा करती हैं. लगातार एक ही विषय पर चिंता करना कभी-कभी मानसिक दबाव भी पैदा कर सकता है. आइए जानते हैं हथेली में मौजूद उन रेखाओं और चिह्नों के बारे में मानसिक परेशानी की ओर इशारा करते हैं.
चंद्र पर्वत पर क्रॉस का निशान
चंद्र पर्वत मन, कल्पना और भावनाओं का क्षेत्र माना जाता है. यदि इस स्थान पर बड़ा क्रॉस बना हो, तो व्यक्ति अधिक सोचने की प्रवृत्ति वाला हो सकता है. छोटी-छोटी बातों पर भी लंबे समय तक चिंता करना, काल्पनिक दुनिया में खो जाना और नकारात्मक विचारों का आना इसके सामान्य संकेत माने जाते हैं. जानकारों का कहना है कि बड़ा क्रॉस होने पर व्यक्ति की भावनाएं तेजी से बदलती हैं, और मन अस्थिर हो तो मानसिक संतुलन भी प्रभावित हो सकता है.
छोटा क्रॉस भी देता है संकेत
चंद्र पर्वत पर छोटा क्रॉस भी चिंता, बेचैनी और भविष्य की शंकाओं को बढ़ाने वाला माना जाता है. अगर चंद्र पर्वत पर क्रॉस के साथ राहु रेखा भी मौजूद हो, तो व्यक्ति में नकारात्मक विचार अधिक बनने की संभावना बताई जाती है.
मस्तिष्क रेखा की बनावट और मानसिक दबाव
मस्तिष्क रेखा व्यक्ति की सोचने की क्षमता, तर्कशक्ति और मानसिक ऊर्जा को दर्शाती है. अगर यह रेखा बहुत गहरी, फूली हुई या बहुत मोटी हो, तो यह मानसिक तनाव, ओवरथिंकिंग या याददाश्त कमजोर होने जैसे संकेतों से जुड़ी मानी जाती है. ऐसी रेखा वाले लोग अक्सर ज्यादा चिंतित रहते हैं और मामूली बातों पर भी मन भारी बना लेते हैं.
मस्तिष्क रेखा का चंद्र पर्वत की ओर झुकना
जब मस्तिष्क रेखा नीचे की ओर चंद्र पर्वत की तरफ झुकती है, तो ऐसा व्यक्ति कल्पनाशील, भावुक और अत्यधिक सोचने वाला माना जाता है. ये लोग जल्दी भावुक हो जाते हैं. छोटी-छोटी बातों का असर इनके मन पर गहराई से पड़ता है. अगर जीवन में कठिन परिस्थितियां आएं, तो ऐसे लोग मानसिक रूप से ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं.