Garuda Purana: गरुड़ पुराण हिंदू धर्म के प्रमुख ग्रंथों में से एक है और यह 18 महापुराणों की श्रेणी में शामिल है. परंपरा के अनुसार, इसे किसी परिजन के निधन के बाद 13 दिनों तक पढ़ा जाता है, इसी वजह से बहुत से लोग इसे केवल मृत्यु से जुड़ा ग्रंथ मानते हैं. लेकिन वास्तव में गरुड़ पुराण केवल मृत्यु, कर्म और पुनर्जन्म का ही वर्णन नहीं करता बल्कि इसमें जीवन जीने के कई व्यावहारिक और आध्यात्मिक नियम बताए गए हैं. नीति, धर्म, आचार, ज्ञान, जीवन के आदर्श और मानव व्यवहार से जुड़ी शिक्षाएं भी इसमें विस्तार से मिलती हैं. जो व्यक्ति इन सिद्धांतों का पालन करता है, उसे जीवन में सफलता, शांति और सुख प्राप्त होता है. आइए, गरुड़ पुराण के मुताबिक जानते हैं कि नहाते वक्त किन गलतियों को करने से पीढ़ी दर पीढ़ी पितृदोष झेलना पड़ता है.
गरुड़ पुराण में स्नान से जुड़े नियम
हिंदू शास्त्रों में पूजा-पाठ, भोजन, यात्रा और दिनचर्या से जुड़े कई नियम बताए गए हैं. इन्हीं में स्नान के नियम भी शामिल हैं. गरुड़ पुराण के अनुसार, स्नान केवल शरीर को साफ करने की प्रक्रिया नहीं बल्कि यह आध्यात्मिक और ऊर्जा शुद्धि की प्रक्रिया भी होती है.
इस ग्रंथ में विशेष रूप से यह कहा गया है कि कभी भी निर्वस्त्र होकर स्नान नहीं करना चाहिए. धार्मिक दृष्टि से इसे अपवित्र माना गया है और यह देवताओं का अपमान बताया गया है
निर्वस्त्र स्नान करने से होने वाले दोष
पितृदोष का संकेत- गरुड़ पुराण के अनुसार बिना वस्त्र स्नान करने से पितरों की संतुष्टि नहीं होती. यह माना जाता है कि ऐसा करने से पूर्वजों का आशीर्वाद प्राप्त नहीं होता और व्यक्ति पर पितृदोष लग सकता है.
आर्थिक और मानसिक कष्ट- शास्त्रों में कहा गया है कि इस प्रकार का स्नान व्यक्ति के जीवन में वित्तीय बाधाएं, बेचैनी और मानसिक तनाव पैदा कर सकता है.
नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश- यह भी माना जाता है कि निर्वस्त्र स्नान करने से आसपास की नकारात्मक ऊर्जा व्यक्ति के शरीर और मन पर प्रभाव डाल सकती है.
कृष्ण कथा से मिलता संकेत
एक कथा के अनुसार, एक बार भगवान श्रीकृष्ण ने सरोवर में स्नान कर रही गोपियों के वस्त्र छुपा दिए थे. जब गोपियां परेशान होकर खड़ी हुईं, तब कृष्ण ने उन्हें शिक्षा दी कि बिना वस्त्र स्नान करना अयोग्य है और यह धर्म की दृष्टि से अनुचित माना गया है. यह घटना केवल नटखटता नहीं बल्कि एक नियम का संकेत थी- स्नान सदैव मर्यादा के साथ होना चाहिए.