प्यार किस्मत का खेल है या ग्रहों की चाल? जानें क्या कहती है आपकी कुंडली

Astrology Kundli Grah: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार किसी व्यक्ति के प्रेम संबंध और वैवाहिक जीवन की सफलता उसकी जन्म कुंडली में स्थित ग्रहों और भावों पर निर्भर करती है. जन्मकुंडली के कुछ विशेष भाव जैसे- पंचम, सप्तम और नवम प्रेम, विवाह और भाग्य से सीधे जुड़े होते हैं. वैदिक ज्योतिष शास्त्र के जानकार बताते हैं कि अगर इन भावों की स्थिति अनुकूल हो, तो प्रेम जीवन सुखद और स्थिर होता है. जबकि,अगर ग्रह अशुभ स्थिति में हों, तो रिश्तों में धोखा, दूरी या विफलता देखने को मिलती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि लव लाइफ के लिए कौन-कौन से ग्रह जिम्मेदार होते हैं और इस लाइफ को कुंडली क्या संकेत देती है.

कुंडली का पंचम भाव क्या देता है संकेत
पंचम भाव बुद्धि, रोमांस और आकर्षण से जुड़ा होता है। इस भाव से यह पता चलता है कि व्यक्ति किस प्रकार का प्रेम अनुभव करेगा और उसका रिश्ता कितना स्थायी रहेगा। यदि पंचम भाव या उसका स्वामी राहु, केतु या शनि जैसे पाप ग्रहों से प्रभावित हो, या शत्रु राशि में स्थित हो, तो व्यक्ति को प्रेम में निराशा, गलत चुनाव या एकतरफा प्रेम जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।

कुंडली का सप्तम भाव
सप्तम भाव वैवाहिक जीवन और जीवनसाथी के स्वभाव को दर्शाता है। यदि इसका स्वामी शुभ ग्रहों के प्रभाव में हो, स्वराशि या उच्च राशि में स्थित हो, तो वैवाहिक जीवन आनंदमय और स्थिर होता है। इस भाव से यह भी ज्ञात होता है कि विवाह के बाद व्यक्ति के जीवन में उन्नति होगी या नहीं।

कुंडली का नवम भाव
नवम भाव को भाग्य का घर कहा जाता है. यह प्रेम संबंधों की नियति तय करता है. यदि यह भाव मजबूत हो, तो प्रेम भाग्यशाली बनता है और रिश्ते स्थायी होते हैं. लेकिन अगर यह भाव कमजोर हो, तो अच्छे प्रयासों के बावजूद प्रेम संबंधों में बाधाएं और असफलता आ सकती है.

जब ग्रह बन जाते हैं रिश्तों में फूट का कारण
यदि राहु या केतु पंचम, सप्तम या नवम भाव में स्थित हों, या इन भावों के स्वामी के साथ युति करें, तो संबंधों में भ्रम, झूठ और अविश्वास बढ़ सकता है. शनि की अशुभ स्थिति भी रिश्तों में दूरी, ठंडापन और देरी लाती है. खासतौर पर अगर पंचमेश या सप्तमेश नीच राशि में हों और राहु-केतु के प्रभाव में आएं, तो रिश्ते टूटने तक की नौबत आ सकती है.

जब शुभ ग्रह करते हैं प्रेम को सफल
यदि सप्तम भाव का स्वामी शुभ ग्रहों के साथ स्वराशि या उच्च राशि में स्थित हो, तो विवाह के बाद जीवन में समृद्धि और सम्मान मिलता है. पंचमेश, सप्तमेश और भाग्येश यदि एक-दूसरे से शुभ संबंध में हों, तो यह योग लव मैरिज के लिए अत्यंत अनुकूल होता है. ऐसे योग वाले व्यक्ति का जीवनसाथी उसके लिए भाग्योदय का कारण बनता है.