Mumbai Richest Ganesh Mandal: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई का गणेश उत्सव और बेहद खूबसूरत गणेश प्रतिमांए, पंडाल देश-दुनिया में मशहूर हैं. इस साल मुंबई के माटुंगा के किंग्स सर्कल में स्थित जीएसबी सेवा मंडल के गणपति एक बार फिर चर्चा में हैं. इन्हें देश के सबसे अमीर गणपति कहा जा रहा है क्योंकि यहां गणपति बप्पा क मूर्ति का श्रृंगार सैंकड़ो किलो सोने-चांदी से किया गया है. इसके चलते सेवा मंडल ने साल 2025 के गणेशोत्सव के लिए 450 करोड़ रुपए से ज्यादा का बीमा कराया है. इसके पहले भी यह मंडल गणेशोत्सव के दौरान करोड़ों रुपए का बीमा करवाता रहा है, लेकिन इस साल तो सारे रिकॉर्ड ही टूट गए.
70 करोड़ से ज्यादा के गहने
मुंबई के माटुंगा में जीएसबी सेवा मंडल द्वारा बप्पा को करीब 67 किलो सोने के आभूषणों से सजाया गया है. साथ ही गणपति बप्पा जिस चांदी के सिंहासन पर विराजमान किए गए हैं, वह 350 किलो चांदी से बना है. गणेश मंडल ने जो बीमा करवाया है, उसमें सोने-चांदी के गहनों के अलावा मंडल के स्वयंसेवकों, पुजारियों, रसोइयों, सुरक्षा गार्ड्स आदि का दुर्घटना बीमा, पब्लिक लायबिलिटी इंश्योरेंस के साथ-साथ किसी आपदा से होने वाले नुकसान का बीमा भी शामिल है. यह बीमा न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी ने किया है.
GSB सेवा मंडल पर्यावरण का भी रखता है ध्यान
वैसे तो जीएसबी सेवा मंडल इस समय अपने सबसे अमीर गणपति के लिए चर्चा में है लेकिन इसके अलावा भी यह मंडल कई खास काम करता है. यह मंडल गौड़ सारस्वत ब्राह्मण समुदाय के लिए खास महत्व रखता है. यहां गणपति की मूर्ति शाडू मिट्टी (eco-friendly मिट्टी) से बनती है, जो पर्यावरण के अनुकूल होती है. साथ ही प्राकृतिक रंगों का ही इस्तेमाल होता है. रिकॉर्डेड म्युजिक बजाने की बजाया पांरपरिक दक्षिण भारतीय मंदिरों के वाद्य यंत्रों से पूजा होती है.
एक झलक देखने से पूरी होती है मन्नत
माटुंगा के इन गणपति को लेकर मान्यता है कि इनकी एक झलक देखने से मनोकामना पूरी हो जाती है. 10 दिन के गणेश उत्सव के दौरान यहां रोजाना सुबह गणपति भगवान की पूजा होने के बाद पंडाल में नारियल तोड़ने की परंपरा है, इन टूटे हुए नारियल को भक्तों को प्रसाद के रूप में दिया जाता है.
Leave a Reply