Mangal Pradhan Jatak: वैदिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मंगल ऊर्जा, साहस और पराक्रम का कारक माना गया है. इसके अलावा मंगल को एक क्रूर ग्रह भी माना गया है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, कुछ विशेष राशियों के लोग जन्म से ही मंगल की ऊर्जा से ओतप्रोत होते हैं. वहीं कुंडली के कुछ खास योग व्यक्ति को ऐसी व्यावसायिक कुशलता और भाग्य प्रदान करते हैं कि वह जिस काम में हाथ डालता है, उसमें सफलता के झंडे गाड़ देता है. मंगल से प्रभावित जातक जमीन और प्रॉपर्टी से जुड़े जिस काम में हाथ डालते हैं, उसे अंजाम तक पहुंचाकर ही दम लेते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि मंगल प्रधान जातक किस राशि के लोग होते हैं और इनके जीवन पर मंगल का क्या शुभ प्रभाव पड़ता है.
कौन होते हैं मंगल प्रधान जातक?
मंगल मुख्य रूप से दो राशियों का स्वामी है, इसलिए इन राशियों के जातकों पर मंगल का सबसे अधिक प्रभाव देखा जाता है. मेष, मंगल की मूल त्रिकोण और अग्नि तत्व की राशि है. ऐसे में मंगल प्रधान मेष राशि के लोग निडर, नेतृत्व करने वाले और नई पहल करने में माहिर होते हैं. मंगल की प्रधानता इन्हें कभी हार न मानने वाला योद्धा बनाती है. जबकि, वृश्चिक जल तत्व की राशि है. यहां मंगल की ऊर्जा शारीरिक बल के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और रहस्यमयी शक्ति के रूप में प्रकट होती है. वृश्चिक राशि के लोग अपनी रणनीतिक बुद्धि से बड़ी से बड़ी बाधा को पार कर लेते हैं. इसके अलावा, मकर राशि में मंगल उच्च का होता है, इसलिए मकर राशि के जातकों में मंगल का सबसे अनुशासित और सफल रूप देखने को मिलता है.
मिट्टी को सोना बनाने वाला ‘रूचक महापुरुष योग’
कुंडली में मंगल के जिस योग की सबसे अधिक चर्चा होती है, वह है- ‘रूचक योग’. पंच महापुरुष योगों में से एक यह योग तब बनता है जब मंगल कुंडली के केंद्र भावों (1, 4, 7, या 10वें भाव) में अपनी स्वराशि (मेष, वृश्चिक) या अपनी उच्च राशि (मकर) में स्थित हो.
क्यों कहते हैं इन्हें मिट्टी को सोना बनाने वाला?
रूचक योग से प्रभावित व्यक्ति में गजब की कार्यक्षमता होती है. ऐसे जातक शून्य से शिखर तक पहुंचने का दम रखते हैं. अगर इनके पास संसाधन कम भी हों, तो भी ये अपनी मेहनत और रिस्क लेने की क्षमता से बंजर जमीन या घाटे के सौदे को भी मुनाफे में बदल देते हैं.
मंगल प्रधान जातकों की विशेषताएं
वैदिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मंगल प्रधान जातक घंटों काम करने के बाद भी थकते नहीं हैं. ऐसा लोगों में जबरदस्त क्षमता होती है. ये संकट के समय में भी तुरंत और सटीक निर्णय लेने के लिए जाने जाते हैं. मंगल प्रधान व्यक्ति अक्सर प्रॉपर्टी, कंस्ट्रक्शन या तकनीकी क्षेत्र में बहुत सफल होते हैं.