छत्तीसगढ़ में शर्मनाक मामला, बेटे ने मां- बाप की हत्या कर दफनाया

इस खबर को शेयर करें

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा में 17 साल के लड़के ने अपने ही माता-पिता को मार कर उनका शव घर में ही दफना दिया। हत्याकांड का पता 5 दिन बाद चला जब लड़के का बड़ा भाई घर पहुंचा। उसे घर में माता-पिता तो नहीं मिले, पर वह घर में आ रही बदबू से घबरा गया। उसने फौरन पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

पूछताछ में छोटे बेटे ने माता-पिता की हत्या कर शव दफनाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

घर के अंदर बदबू आई तो बड़े बेटे ने पुलिस बुला ली
सरगुजा जिले में उदयपुर क्षेत्र के खोधला गांव में रहने वाले जयराम सिंह (50) और फूलसुंदरी बाई (45) के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा हेमंत अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रहता है। वह गुरुवार को घर पहुंचा तो मां-बाप नहीं थे। उसने आसपास पूछा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। घर के अंदर भी काफी बदबू आ रही थी। इस पर हेमंत ने पुलिस को सूचना दी।

घर के अंदर गड्‌ढा खोदकर दफना दिया शव
देर रात पुलिस पहुंची और छोटे भाई से पूछताछ की तो हत्याकांड का खुलासा हो गया। छोटे भाई ने ही अपने माता-पिता की हत्या कर उनके शवों को घर के अंदर गड्‌ढा खोदकर दफना दिया। पहले पिता के शव को दफनाया। इसके दो दिन बाद उसने मां के शव को दफनाया। इसके बाद भी वह वहीं रहता, सोता रहा। वह खाना भी वहीं पर बनाता था। इस खुलासे से पुलिस वाले भी सकते में आ गए। इसके बाद शवों को निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

आरोपी 12वीं फेल है और काफी गुस्सैल स्वभाव का है। पुलिस के मुताबिक उसे हमेशा लगता था कि उसके माता-पिता बड़े भाई को उससे ज्यादा तवज्जो देते हैं। उसे प्यार भी नहीं करते। बड़े भाई की एक साल पहले ही शादी हुई है। वह माइंस में मजदूरी करता है और अपने ससुराल में रहता है। कभी-कभी ही गांव आता था।

आरोपी कुछ खास काम नहीं करता था, इसके चलते अक्सर माता-पिता उसे डांटते-फटकारते भी थे। आशंका है कि इसी बात को लेकर उसके मन में और गुस्सा भर गया था। हालांकि पुलिस को लगता है कि आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है। मामले की जांच और गांव वालों से पूछताछ भी की जा रही है।

लकड़ी काटने वाली वसूली से मारा, वहीं खाना बनाता रहा
पुलिस पूछताछ में आरोपी किशोर ने बताया कि उसने माता-पिता की हत्या करीब 5-6 दिन पहले लकड़ी काटने वाली वसूली से की थी। पहले घर में पिता का शव दफना दिया, लेकिन मां को दो दिन बाद दफनाया। इसके बाद उसी घर में सोता और खाना बनाता रहा। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भेजा गया है। वह मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने ही आरोपी के बयान लिए और फिर शवों को बाहर निकलवाया।

पुलिस बोली- लड़के की मानसिक हालत ठीक नहीं
SDOP अखिलेश कौशिक ने बताया कि पूछताछ में लड़के ने कहा कि माता-पिता उससे प्यार नहीं करते थे। वह उसके भाई और भाभी को ज्यादा चाहते थे। इसके चलते उनकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्ट्या लड़के की मानसिक हालत ठीक नहीं लग रही है। उसने गुस्से में वारदात को अंजाम दिया। दोनों की हत्या एक ही दिन की, लेकिन दफनाया अलग-अलग दिन। इस वारदात में फिलहाल आगे कार्रवाई जारी है।