नई दिल्ली: पाकिस्तान को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने करारा झटका दिया है. पाकिस्तान की वो डिमांड सिरे से नकार दी गई है, जिसमें उन्होंने एशिया कप से मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की थी.
PCB की शिकायत अर्जी खारिज
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 14 सितंबर को हुए भारत के खिलाफ मैच के बाद आईसीसी से मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की अपील की थी. इतना ही नहीं पाकिस्तान ने धमकी दी थी कि अगर पाइक्रॉफ्ट को नहीं हटाया गया तो उनकी टीम टूर्नामेंट छोड़ देगी. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की शिकायत पर जांच करने के बाद अपना फैसला सुना दिया है.
मामले से जुड़े सूत्रों ने इंडिया टुडे को ये भी बताया कि पीसीबी निदेशक समेत एशियन क्रिकेट काउंसिल के कुछ अधिकारियों को पहले से ही पता था कि दोनों कप्तान टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाएंगे.
पाकिस्तान का अगला मैच 17 सितंबर को
आईसीसी को लिखे पत्र में पीसीबी ने स्पष्ट रूप से कहा था कि अगर एंडी पाइक्रॉफ्ट को नहीं हटाया गया तो वे अपनी टीम को टूर्नामेंट से हटा लेंगे. पाकिस्तान का अगला मैच 17 सितंबर को यूएई के खिलाफ है. पीसीबी ने अपने ऑफिशियल शिकायती पत्र में कहा था कि पाइक्रॉफ्ट ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा को सूर्यकुमार यादव से हाथ न मिलाने की सलाह दी थी. बोर्ड ने कहा था कि विपक्षी टीम से हाथ मिलाने से इनकार करके भारतीय खिलाड़ी आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं.
पीसीबी ने अपने ही अधिकारी को हटाया
इतना ही नहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पूरे विवाद के बीच अपने इंटरनेशनल क्रिकेट ऑपरेशंस के हेड उस्मान वाहला को भी सस्पेंड कर दिया है. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मोहसिन नकवी के नेतृत्व वाले बोर्ड ने इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में हैंडशेक विवाद के दौरान ‘समय पर कार्रवाई न करने’ के लिए वाहला के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है.
क्या है हैंडशेक विवाद?
22 अप्रैल 2025 को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में भारतीय टीम ने मैच के दौरान पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया. पहले टॉस के दौरान दोनों कप्तानों ने हैंडशेक नहीं किया और इसके बाद जब भारतीय टीम मैच जीत गई तो क्रीज पर मौजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे चुपचाप ड्रेसिंग रूम लौट गए. पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान पर इंतजार करते रहे कि भारतीय टीम नीचे आकर उनसे हाथ मिलाएगी, लेकिन मैन इन ब्लूज ने ऐसा नहीं किया.
अब पाकिस्तान दे रहा खेल भावना का ज्ञान
मैदान पर अपनी घनघोर बेइज्जती के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा प्राइज सेरेमनी में नहीं आए. सूर्या ने पोस्ट मैच कॉन्फ्रेंस और ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र कर दिया. कहा कि ये जीत सशस्त्र सेनाओं को समर्पित है. बस फिर क्या था पूरे पाकिस्तान के तन-बदन में आग लग गई. पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने इसे खेल भावना के विपरित बताया.