IND vs PAK: भारत से हार के बाद पाकिस्तानी ने रोया दुखड़ा, अंपायर को ठहरा दिया जिम्मेदार

Asia Cup 2025: भारत से हार के बाद पाकिस्तान की टीम सदमे में है. एशिया कप 2025 में रविवार को सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से पीट दिया. टीम इंडिया के खिलाफ मैच हारने के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपना दुखड़ा रोया है. सलमान आगा ने इस मैच में अपने ओपनर फखर जमान के डिसमिसल पर सवाल उठाए हैं. पाकिस्तान की पारी के तीसरे ओवर में हार्दिक पांड्या की तीसरी गेंद ने फखर जमान के बल्ले का किनारा लिया था, जिसे विकेट के पीछे मौजूद भारतीय विकेटकीपर संजू सैमसन ने लपक लिया था. फखर जमान के इस कैच को लेकर तुरंत बहस छिड़ गई कि क्या गेंद संजू सैमसन के दस्तानों तक पहुंचने से पहले ही जमीन पर लग गई थी.

भारत से हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान ने रोया अपना दुखड़ा

पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा का मानना ​​है कि फखर जमान का आउट होना अंपायरिंग की सबसे बड़ी गलती हो सकती है. बता दें कि थर्ड अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद फखर जमान को 15 रन पर आउट करार दे दिया था. मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए सलमान आगा ने इस फैसले पर संदेह व्यक्त किया है. सलमान आगा ने मैच के बाद कहा, ‘मुझे इस फैसले के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है. जहां तक मेरा सवाल है, मुझे लगा कि गेंद बाउंस हुई है. अंपायर गलतियां कर सकते हैं, और यह समझ में आता है. मुझे तो ऐसा लग रहा था कि गेंद बाउंस हुई है, लेकिन मैं गलत भी हो सकता हूं.’

अंपायर को ठहरा दिया जिम्मेदार

सलमान आगा ने कहा, ‘जिस तरह से फखर जमान बल्लेबाजी कर रहे थे, अगर वह पावरप्ले तक इसी तरह खेलते रहते, तो शायद 190 के आसपास रन बना सकते थे. बेशक कुछ गलतियां भी हुईं और गलतियां होती रहती हैं. मुझे लगता है कि गेंद विकेटकीपर के ठीक सामने बाउंस हुई, लेकिन फिर भी, मैं गलत भी हो सकता हूं.’ इस फैसले के बाद साहिबजादा फरहान के साथ अच्छी शुरुआत करने के बावजूद फखर जमान पवेलियन लौट गए. पाकिस्तान ने फखर जमान को पारी की शुरुआत करने के लिए भेजकर एक रणनीतिक बदलाव किया था, जबकि टूर्नामेंट में संघर्ष कर रहे सैम अयूब को तीसरे नंबर पर भेज दिया गया था.

फखर जमान ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे थे

फखर जमान ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया हुआ था. फखर जमान ने भारत के प्रमुख गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के पहले ही ओवर में ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए भारतीय टीम पर दबाव बना दिया था. हालांकि पाकिस्तान की पारी के तीसरे ओवर में भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने फखर जमान को 15 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया. फखर जमान के आउट होते ही भारतीय गेंदबाजों ने राहत की सांस ली. पाकिस्तान ने इस मैच में भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 171 रन बनाए. जवाब में भारत ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 174 रन बनाते हुए पाकिस्तान को 7 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से हरा दिया.