आज आखिरी बार आईपीएल में खेलेंगे महेंद्र सिंह धोनी, चेपॉक में संन्यास का किया था वादा, अब आ गई वो घड़ी?

IPL 2026 MS Dhoni: आईपीएल 2026 के 63वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने होंगी. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में यह मुकाबला खेला जाएगा. यह 5 बार की चैंपियन सीएसके के लिए एक इमोशनल मैच साबित हो सकता है. प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए उसे हर हाल में इस मुकाबले को जीतना होगा और यह टीम के महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी आईपीएल मैच साबित हो सकता है. चेन्नई में बढ़ी हलचल को देखकर ऐसा कहा जा रहा था कि ‘थाला’ अपने करियर का समापन वादे के मुताबिक चेपॉक में कर देंगे.

धोनी द्वारा 2021 में दिया गया एक बयान इस मुकाबले से पहले नई उम्मीद जगा रहा है. उन्होंने कहा था, ”मैंने हमेशा अपने क्रिकेट की योजना बनाई है. मेरा आखिरी टी20 मैच चेन्नई में ही होगा. चाहे वह अगले साल हो या पांच साल बाद, मुझे नहीं पता.” अब पांच साल बाद प्रशंसकों को लगता है कि वह क्षण आ गया है.

सीजन में एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं धोनी
धोनी इस सीजन में चोट के कारण एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं और वह 7 जुलाई को 45 साल के हो जाएंगे. ऐसे में अगले सीजन में उनका खेलना नामुमकिन सा लगता है. इसके अलावा इस सीजन में चेपॉक में इसके बाद आईपीएल का कोई मैच भी नहीं हैं. उनके बयान, उम्र और शेड्यूल को देखकर ऐसा ही लग रहा है कि धोनी आज अपना आखिरी मैच खेल सकते हैं.

चेपॉक में कैसा है माहौल?
मैच से एक दिन पहले रविवार (17 मई) को शाम के 6:30 बजते हीपैड पहने हुए धोनी एमए चिदंबरम स्टेडियम के ड्रेसिंग रूम से बाहर निकले. इंडोर एरिना में बिना किसी ट्रेनर के वार्म-अप करने के बाद 44 वर्षीय दिग्गज ने कुछ स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज की और बल्लेबाजी की अपनी बारी के लिए करीब 15 मिनट तक इंतजार किया. उन्होंने प्रशांत वीर के साथ नेट पर 30 मिनट तक बल्लेबाजी की, जहां धोनी ने थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट और स्पिनरों का डटकर सामना किया. रात के 7:30 बजते-बजते वे वापस ड्रेसिंग रूम में लौट गए.

टिकटों की मांग ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए
प्लेऑफ की उम्मीदों और धोनी के संभावित आखिरी मैच के कारण चेपॉक के टिकटों की मांग आसमान छू रही है. इस सीजन में मुंबई इंडियंस के मैच को छोड़कर कुछ सीटें खाली रही थीं, लेकिन सोमवार के मैच के लिए कालाबाजारी और टिकटों की होड़ अपने चरम पर है.

ओवर्टन की जगह खेलेंगे धोनी?
धोनी ने नेट पर स्पिनरों के खिलाफ बड़े शॉट्स लगाकर अपनी फिटनेस साबित की है. जेमी ओवर्टन के बाहर होने से टीम की बल्लेबाजी की गहराई कम हुई है, जिससे धोनी के फिट होने पर उन्हें प्लेइंग-XI में जगह मिल सकती है. इसके अलावा पाकिस्तान सुपर लीग से लौटे दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर डियन फॉरेस्टर भी चयन के लिए उपलब्ध हैं.

कोच फ्लेमिंग पर दबाव बढ़ा

चेन्नई के लिए यह सिर्फ धोनी के बारे में नहीं है. कोच स्टीफन फ्लेमिंग को भी 2025 से खराब नतीजों के कारण प्रशंसकों के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है. रिपोर्टों के अनुसार, फ्रेंचाइजी के मालिक एन. श्रीनिवासन ने भी टीम के प्रदर्शन पर असंतोष व्यक्त किया है. फ्लेमिंग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में न आकर नए खिलाड़ी स्पेंसर जॉनसन को भेजकर सस्पेंस और बढ़ा दिया है.