रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप 2023 हारने पर ऐसे किया था अपना दर्द बयां

वर्ल्ड कप 2023 भले ही टीम इंडिया नहीं जीत पाई, लेकिन आज दो साल के बाद भी कोई भी भारतीय टीम पर उंगली नहीं उठा सकता। भारतीय टीम ने जिस तरह की क्रिकेट खेली थी, वह अलग स्तर की थी। विराट कोहली के 765 रन, रोहित शर्मा के 597 रन, श्रेयस अय्यर के 530 रन, मोहम्मद शमी के 24 विकेट और जसप्रीत बुमराह के 20 विकेट कोई नहीं भूलेगा। भारत ने सेमीफाइनल तक 10 मैच जीते, लेकिन फाइनल में भारत ऑस्ट्रेलिया से हारा। इस हार के बाद रोहित शर्मा 10-15 तक इस हार पर यकीन नहीं कर पाए थे और वे देश के बाहर चले गए थे।

रोहित शर्मा ने विमल कुमार को दिए इंटरव्यू में कहा था, “देखिए, जब हम फाइनल मैच हारे तो मुझे 10-15 दिन तक यकीन नहीं हो रहा था कि हम कैसे हार गए। मैं दो या तीन दिन के बाद तुरंत ही बाहर चला गया था देश के, क्योंकि मुझे एकदम स्विच ऑफ होना था और लेकिन ये इतना आसान नहीं था स्विच ऑफ होना, क्योंकि जिस चीज के बारे में आप इतने सालों से सोच रहे हो वो चीज इतने पास थी आपके वो हाथ से चली गई।”

उन्होंने आगे कहा, “बोलने के लिए आसान लगता है कि हम उस फाइनल के बाद स्विच ऑफ हो जाएं, सब भूल जाएं कि क्या हुआ कैसे हुआ, ऐसा नहीं होना चाहिए था। वो मेरे लिए बहुत कठिन था बोलना, जो जो चीज हुई थी और इतना मेहनत और इतने लगन से सारे लड़कों ने खेला था। बड़ा मजा आ रहा था क्रिकेट खेलने में। पहली बार इतने सालों में 23 में जो हमने क्रिकेट खेला वो क्रिकेट खेलने का मजा अलग था। सुबह-सुबह जब मैं उठता था मैच के दिन तो मैं काफी नर्वस फील करता हूं, लेकिन उन दिनों ऐसा नहीं था। सोचता था कि आज आज मजा आएगा। हर मैच में यही फीलिंग थी।”

हिटमैन ने आगे कहा, “टूर्नामेंट में हमने टीम के अंदर जो माहौल रखा था ना वह एकदम बेस्ट माहौल था। ऐसे माहौल में मैंने कभी क्रिकेट नहीं खेला था और इतना एनवायरमेंट रिलैक्स था। ये इसीलिए नहीं, क्योंकि हम जीत रहे थे। अगर हम हारते भी ना तो वो माहौल ज्यादा चेंज नहीं होता, क्योंकि मुझे पता है कि जो ये माहौल संभालने वाले लोग हैं, उन लोगों ने इस माहौल को अच्छे तरीके से संभाला था। हमारे काफी सीनियर प्लेयर्स थे। मैनेजमेंट, कोचेस लोग का बहुत बड़ा हाथ था इस टूर्नामेंट में।”