भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में कोहली के पास “क्रिकेट के भगवान” कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है।
94 रन और नया कीर्तिमान
विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय (ODI) मैचों में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने से महज कुछ ही कदम दूर हैं। सचिन तेंदुलकर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1990 से 2009 के बीच 42 मैचों की 41 पारियों में 1,750 रन बनाए थे। दूसरी ओर, विराट कोहली ने 2010 से अब तक 33 मैचों की 33 पारियों में 1,657 रन बना लिए हैं। यानी तेंदुलकर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के लिए उन्हें केवल 94 रनों की दरकार है। जैसे ही कोहली इस सीरीज में 94 रन पूरे कर लेंगे, वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में भारत के सबसे सफल बल्लेबाज बन जाएंगे।
सचिन से ज्यादा है विराट का औसत और स्ट्राइक रेट
विराट कोहली न केवल रनों के मामले में सचिन के करीब हैं, बल्कि उनके औसत और शतकों का रिकॉर्ड दमदार है। बल्लेबाजी औसत की बात करें तो जहां सचिन तेंदुलकर का न्यूजीलैंड के खिलाफ औसत 46.05 रहा, वहीं विराट कोहली 55.23 की औसत से रन बना रहे हैं। कोहली शतकों के मामले में भी सचिन से आगे नजर आते हैं। उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ अब तक 6 शतक और 9 अर्धशतक जड़े हैं, जबकि सचिन के नाम इस टीम के खिलाफ 5 शतक और 8 अर्धशतक दर्ज हैं। विराट कोहली का स्ट्राइक रेट कीवी टीम के खिलाफ 95.50 का है जबकि सचिन ने सचिन 95.36 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
टॉप-5 में ये भारतीय बल्लेबाज भी
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के बाद वीरेंद्र सहवाग 1,157 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उनके बाद मोहम्मद अजहरुद्दीन (1,118 रन) और सौरव गांगुली (1,079 रन) का नंबर आता है। वर्तमान कप्तान रोहित शर्मा भी 1,073 रनों के साथ इस सूची में शामिल हैं, लेकिन वह फिलहाल कोहली और सचिन के आंकड़ों से काफी पीछे हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप-5 भारतीय बल्लेबाज
1. सचिन तेंदुलकर — 1,750 रन (41 पारियां)
2. विराट कोहली — 1,657 रन (33 पारियां)
3. वीरेंद्र सहवाग — 1,157 रन (23 पारियां)
4. मोहम्मद अजहरुद्दीन — 1,118 रन (39 पारियां)
5. सौरव गांगुली — 1,079 रन (31 पारियां)
विराट कोहली जिस फॉर्म में हैं, उसे देखते हुए यह माना जा रहा है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज के शुरुआती मैचों में ही इस खास उपबल्धि को हासिल कर सकते हैं और भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ सकते हैं।