विराट कोहली की सुरक्षा में चूक से मची खलबली, मैदान में घुसकर युवक ने पकड़े पांव

IND vs SA: रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया इतिहास बन गया। पूर्व कप्तान विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का 52वां वनडे शतक जड़ा।

यह मील का पत्थर उन्होंने 38वें ओवर में एक चौका लगाकर पूरा किया, जिसके बाद पूरे स्टेडियम में जबरदस्त उत्साह छा गया। इसी जोश के दौरान एक दर्शक ने भी मौके का फायदा उठाया और सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान पर आ पहुंचा।

​जैसे ही कोहली ने मार्को यानसेन की गेंद पर चौका मारकर अपना शतक पूरा किया, उन्होंने हवा में उछलकर, हेलमेट उतारकर और अपनी वेडिंग रिंग को चूमकर अपने चिर-परिचित अंदाज में जश्न मनाना शुरू कर दिया। दर्शकों के बीच से एक युवा प्रशंसक पूरी रफ्तार से मैदान में घुस आया।

मैदान में घुसे फैन ने पकड़े कोहली के पैर

वह सीधे विराट कोहली की ओर दौड़ा। वह व्यक्ति सीधा ‘किंग कोहली’ के पैरों में गिरकर उनका आशीर्वाद लेने का प्रयास करने लगा। हालांकि उसको नहीं पता था कि पीछे ही सुरक्षाकर्मी दौड़ते हुए आ रहे हैं और उसे पकड़कर ले जाने वाले हैं।

सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और प्रशंसक को पकड़कर मैदान से बाहर निकालने के लिए तेजी से आगे बढ़े। इस दौरान, कोहली ने अपनी सहजता और शालीनता का परिचय दिया। उन्होंने इस भावनात्मक क्षण को समझा और सुरक्षाकर्मियों को थोड़ा संयम बरतने का संकेत दिया। कोहली ने पकड़े गए प्रशंसक के प्रति कोई नाराजगी नहीं दिखाई और बल्कि खुद उसे ऊपर उठाने में मदद की, हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने नियमों का पालन करते हुए उसे तुरंत मैदान से बाहर कर दिया।

कोहली के बल्ले से आया 52वां शतक

इस दृश्य के दौरान स्टेडियम में चारों तरफ कोहली के नाम की गूँज देखने को मिली, विराट कोहली ने शतक जड़ने के बाद भी कुछ आकर्षक शॉट जड़े और 135 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। उनके वनडे करियर का यह 52वां शतक था।