PV Sindhu: स्टार भारतीय शटलर और दो बार ओलंपिक पदक जीतने वाली पीवी सिंधु BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में जबरदस्त फॉर्म में हैं. उन्होंने जीत की हैट्रिक लगाते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. सिंधु ने प्री क्वार्टर फाइनल में दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी वांग झी यी को सीधे गेम हराकर बाहर का रास्ता दिखाया. 6 साल में यह पहली बार है जब सिंधु ने इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है. अब उनकी नजरें छठे वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल को जीतने पर हैं.
वर्ल्ड नंबर-2 को चौंकाया
पीवी सिंधु ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में लगातर तीसरी जीत दर्ज की है. हालांकि, पहले गेम में सिंधु को चीनी खिलाड़ी से कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंत में भारतीय स्टार ने 21-19 से इसे अपने नाम कर लिया. दूसरा गेम पीवी सिंधु ने 21-15 से नाम कर मुकाबला जीत लिया. आखिरी बार सिंधु वर्ल्ड चैंपियनशिप 2019 में क्वार्टर फाइनल में पहुंची थीं, जहां उन्होंने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था. सिंधु अब तक 5 मेडल नाम कर चुकी हैं. उन्होंने 2013, 2014 में ब्रॉन्ज, 2017 और 2018 में सिल्वर और 2019 में गोल्ड जीता.
क्वार्टर फाइनल में किससे टक्कर?
पेरिस में खेले जा रहे इस वर्ल्ड चैंपियनशिप बैडमिंटन इवेंट में पीवी सिंधु अजेय हैं. उन्होंने अब तक खेले सभी तीनों मैच जीते हैं. अब उनका सामना क्वार्टर फाइनल में दुनिया की नौवें नंबर की खिलाड़ी इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दानी से होगा. सिंधु उनसे चार बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें दो बार जीत मिली है. 23 साल की वर्दानी इस साल अच्छी फॉर्म में हैं. उन्होंने 27 मैच जीते हैं और केवल 12 ही हारे हैं. दूसरी ओर सिंधु के लिए यह साल कुछ खास नहीं रहा, क्योंकि 2025 में 12 मैच हारे हैं और केवल 9 जीते हैं. हालांकि, वह टूर्नामेंट में शानदार लय में हैं.\
दूसरी ओर भारतीय फैंस के लिए एक और अच्छी खबर आई कि ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की मिश्रित युगल जोड़ी ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है. इस भारतीय जोड़ी ने राउंड-16 के मुकाबले में दो बार की वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक विजेता जोड़ी तांग चुन मान और त्से यिंग सुएट को हरा दिया. उनका सामना क्वार्टर फाइनल में लिंडेन वांग और ईवा वांग की जोड़ी से होगा.
Leave a Reply