ChatGPT usage report 2025: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल ChatGPT दुनिया भर में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. हाल ही में OpenAI ने एक 62 पन्नों की रिसर्च रिपोर्ट जारी की है जिसमें यह बताया गया है कि आखिर कौन लोग ChatGPT का इस्तेमाल कर रहे हैं और किस तरह से इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है. ओपनएआई ने वाशिंगटन पोस्ट के साथ कंटेंट पार्टनरशिप करके यह रिपोर्ट जारी की है. यह रिपोर्ट मई 2024 से जून 2025 के बीच 15 लाख यूजर्स की चैट लॉग्स पर आधारित है. रिपोर्ट अभी पीयर-रिव्यू नहीं हुई है लेकिन यह ChatGPT के ट्रेंड्स को समझने में काफी मदद करती है.
कौन कर रहा है ChatGPT का इस्तेमाल?
टेक इंडस्ट्री आमतौर पर पुरुष-प्रधान मानी जाती है, लेकिन ChatGPT ने इस धारणा को तोड़ा है. शुरुआती समय यानी 2022-2023 में करीब 80% यूजर्स के नाम आमतौर पर पुरुषों से जुड़े होते थे. लेकिन जून 2025 तक यह ट्रेंड बदल गया और अब 52% यूजर्स महिलाएं हैं. यह बदलाव इस बात को दर्शाता है कि AI अब केवल टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल्स तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका दायरा ग्लोबल और डाइवर्स हो चुका है.
किस काम के लिए हो रहा है इस्तेमाल?
शुरुआत में ChatGPT का इस्तेमाल पर्सनल और प्रोफेशनल दोनों कामों में बराबर होता था. लेकिन जून 2025 तक आते-आते 73% यूज नॉन-वर्क यानी पर्सनल लाइफ से जुड़ा हुआ पाया गया. इसका मतलब है कि लोग अब ChatGPT का इस्तेमाल स्टडी, हेल्थ, फिटनेस, हाउ-टू गाइडेंस और सोशल मीडिया कंटेंट जैसे कामों के लिए ज्यादा कर रहे हैं. रिसर्च में सबसे बड़ा कैटेगरी “प्रैक्टिकल गाइडेंस” पाया गया जो कि 28.3% चैट्स का हिस्सा था. इसमें स्टूडेंट्स की पढ़ाई, वर्कआउट टिप्स और डेली लाइफ से जुड़ी सलाह शामिल थीं. इसके बाद सबसे ज्यादा यूज राइटिंग हेल्प के लिए देखा गया.
क्या पूछते हैं यूजर्स?
रिपोर्ट के मुताबिक, यूजर्स ChatGPT से सबसे ज्यादा टेक्स्ट एडिटिंग और क्रिटीक में मदद मांगते हैं. इसके बाद ईमेल लिखने, सोशल मीडिया पोस्ट तैयार करने और पर्सनल कम्युनिकेशन में भी ChatGPT का यूज किया जा रहा है. टेक इंडस्ट्री में ChatGPT को खास तौर पर कोडिंग के लिए भी अपनाया गया है. हालांकि यह केवल 4.2% चैट्स का हिस्सा रहा.
कौन से यूज केस बढ़ रहे हैं?
रिसर्च में तीसरा सबसे बड़ा यूज केस था “जानकारी खोजना” यानी ChatGPT को एक तरह से गूगल सर्च के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल करना. मई 2024 से जून 2024 के बीच इस कैटेगरी में लगातार ग्रोथ देखी गई और यह जून तक दूसरा सबसे लोकप्रिय यूज केस बन गया. लोग अब ChatGPT से न्यूज, फैक्ट्स और रेसिपी जैसी जानकारी पूछ रहे हैं. यह ट्रेंड इस ओर इशारा करता है कि आने वाले समय में ChatGPT और AI टूल्स ऑनलाइन सर्च और विज्ञापन के कारोबार को बदल सकते हैं.
इसी कैटेगरी में एक दिलचस्प ट्रेंड यह भी देखा गया कि लोग ChatGPT से प्रोडक्ट रिकमेंडेशन भी लेने लगे हैं. लगभग 2.1% चैट्स में यूजर्स ने खरीदारी से जुड़े सवाल पूछे. यह OpenAI के लिए भविष्य में एक नया बिजनेस मॉडल बन सकता है जहां वह ई-कॉमर्स पार्टनर्स से रेवेन्यू कमा सकता है.
पर्सनल एडवाइस और “AI गर्लफ्रेंड”
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि लगभग 1.9% चैट्स रिश्तों और पर्सनल फीलिंग्स से जुड़ी थीं. वहीं 0.4% चैट्स “AI गर्लफ्रेंड” या गेम्स और रोल-प्ले जैसी कैटेगरी से जुड़ी थीं. हालांकि OpenAI का कहना है कि यह हिस्सा काफी छोटा है, लेकिन इससे AI चैटबॉट्स के साथ इमोशनल अटैचमेंट को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं. इसी वजह से अमेरिका की फेडरल ट्रेड कमीशन (FTC) ने हाल ही में चैटबॉट्स की जांच शुरू की है.
डेटा कैसे इकट्ठा हुआ?
OpenAI ने बताया कि इस रिपोर्ट के लिए चैट्स को उनकी AI टेक्नोलॉजी से एनालाइज किया गया ताकि किसी की प्राइवेसी भंग न हो. वहीं डेमोग्राफिक डेटा साइन-अप के दौरान यूजर्स से मिला.