China Humanoid Robot: तकनीक की दुनिया में एक बड़ा कदम उठाते हुए चीन ने एक बार फिर बड़ा कारनामा किया है. जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में सैकड़ों ह्यूमनॉइड रोबोट एकसाथ लाइन में मार्च करते हुए दिखाई दे रहे हैं. यह पूरी तरह से रोबोट आर्मी जैसा नजारा UBTECH Robotics ने अपने नए जनरेशन मॉडल के लॉन्च प्रमोशन के तहत दिखाया है. वीडियो देखकर लोग हैरान हो गए हैं और बड़ी संख्या में चलते-फिरते रोबोटों को देख कई यूजर्स डर और चिंता में भी हैं. यूबीटेक रोबोटिक्स कंपनी के ये वीडियो शेयर किया है. यह वीडियो किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसा लग रहा है और इसे कंपनी के दूसरी पीढ़ी के Walker S2 मॉडल के लॉन्च को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है.
ह्यूमनॉइड रोबोट को जानिए
ह्यूमनॉइड रोबोट ऐसे रोबोट होते हैं जो देखने और चलने-फिरने में काफी हद तक इंसानों जैसे बनाए जाते हैं. इनका लक्ष्य इंसानों के साथ मिलकर काम करना या उनकी तरह कई काम खुद करना होता है. ह्यूमनॉइड टेक्नोलॉजी की शुरुआत 1973 में तब हुई जब जापान की वासेडा यूनिवर्सिटी ने पहला इंसानी आकार वाला रोबोट WABOT-1 तैयार किया. इसके बाद से दुनिया भर में इस तरह के रोबोट विकसित करने की दौड़ जारी है. आज चीन सहित कई देश इस तकनीक में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. टेक कंपनियों का मानना है कि ऐसे रोबोट घर के कामों से लेकर फैक्ट्री के कठिन कामों तक बहुत कुछ आसानी से संभाल सकते हैं.
रोबोट्स की ये खूबियां जान लीजिए
वायरल हो रहे वीडियो में रोबोट्स एक सीधी लाइन में खड़े हुए नजर आ रहे हैं. पहले वे अपनी पीठ से बैटरी पैक निकालते और फिर वापस बैटरी को लगाते हैं. रोबोट का यह काम दिखाता है कि वे खुद काम कर सकते हैं. फिर सब एक साथ बैठते हैं पैर टैप करते हैं. इसके बार एक साथ ही सारे रोबोट चलना शुरू कर देते हैं. आखिर में वे खुद ट्रक में चढ़ जाते हैं. कैमरा दूर जाकर कई ट्रक दिखाता है जो रोबोट्स से भरे हुए हैं. कंपनी का दावा है कि यह दुनिया का पहला ह्यूमनॉइड रोबोट है जो अपनी बैटरी खुद बदलने में सक्षम है. इन रोबोट्स की डिलीवरी नवंबर के मध्य में शुरू होने वाली है.
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गईं. कई लोग रोबोट्स के सटीक मूवमेंट से हैरान हैं. एक यूज़र ने इसे AI-जनरेटेड और साइ-फाई मूवी जैसा बताया. एक दूसरे यूजर ने कमेंट किया कि मुझे नहीं लगता कि यह नकली है इतने सारे यूनिट्स बनाना कोई चमत्कार नहीं है.
UBTECH को मिले बड़े ऑर्डर्स
इस बीच UBTECH ने घोषणा की है कि उसे सिचुआन प्रांत की एक कंपनी से 159 मिलियन युआन का बड़ा ऑर्डर मिला है. यह सितंबर में मिले 250 मिलियन युआन के बड़े सौदे के बाद उनका दूसरा सबसे बड़ा एकल ऑर्डर है.
🇨🇳 China is mass-producing robots at an unprecedented scale — a shift that could supercharge its military and reshape future warfare pic.twitter.com/YvjHxhGFFN
— BRICS + World (@BricsPlusWorld) November 14, 2025