Maruti Suzuki Cars Price Hike In June 2026 : देश में महंगाई बढ़ने का असर शुरू हो चुका है। पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के रेट बढ़ने से लोग उबर नहीं पा रहे हैं और इस बीच देश में सबसे ज्यादा कार बेचने वाली कंपनी मारुति सुजुकी ने घोषणा की है कि अगले महीने, यानी जून 2026 से कारों के दाम में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने वाली है। कंपनी का कहना है कि इनपुट कॉस्ट लगातार बढ़ने की सूरत में वे कारों के दाम बढ़ाने के लिए मजबूर है।
ऐसे में आप अगर इन दिनों मारुति सुजुकी की डिजायर सेडान, अर्टिगा एमपीवी, ब्रेजा एसयूवी या बलेनो हैचबैक समेत अन्य कारें खरीदने की सोच रहे हैं तो इस महीने खरीदने पर पैसे बचा सकते हैं, नहीं तो अगले महीने आपकी जेब पर बोझ बढ़ने वाला है।
कार पोर्टफोलियो में 30 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान
महंगाई की मार अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनने वाली है। दूध-सब्जी से लेकर पेट्रोल-सीएनजी समेत काफी सारी जरूरी चीजों के बीच लग्जरी और कंफर्ट से जुड़ीं कारों के बढ़ते दाम की खबर निश्चित रूप से चिंताजनक है।
मारुति सुजुकी ने बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि पिछले कुछ महीनों से इनपुट कॉस्ट में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। अब तक अपनी ओर से लागत कम करने के कई प्रयास किए गए, ताकि ग्राहकों पर बोझ न पड़े, लेकिन अब स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है।
मुद्रास्फीति के दबाव, यानी महंगाई दर के उच्च स्तर पर बने रहने के कारण उत्पादन लागत काफी बढ़ गई है। ऐसे में मारुति सुजुकी का कहना है कि कंपनी कीमतों में संशोधन के लिए मजबूर है।
कंपनी का कहना है कि वे इस बढ़ोतरी को न्यूनतम रखने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम पड़े। हालांकि, लागत के बोझ का एक हिस्सा अब उपभोक्ताओं पर डाला जाएगा।
कितनी बढ़ेगी कीमत
आपको बता दें कि कंपनी ने फिलहाल सिर्फ इतना ही बताया है कि पूरे प्रोडक्ट पोर्टफोलियो पर मैक्सिमम 30 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। कीमतों में बदलाव का सही आंकड़ा हर मॉडल के अनुसार अलग-अलग होगा। यह 30,000 रुपये तक की सीमा में मॉडल के हिसाब से तय किया जाएगा। मौजूदा समय में मारुति सुजुकी की एरिना और नेक्सा शोरूम में बिक रहीं कारों के दाम 3.50 लाख रुपये से शुरू होकर 28.61 लाख रुपये तक जाती है। आप अगर प्राइस हाइक से बचना चाहते हैं तो आपके पास जून 2026 से पहले डीलरशिप पर जाकर बुकिंग करवाने का मौका है।