Microsoft का बड़ा फैसला, इस दिन से बंद होगा Windows 10 सपोर्ट, यूजर्स हो जाएं सावधान!

Windows 10 Support End: अगर आप भी Windows 10 यूजर हैं तो जरा सावधान हो जाइए. टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने Windows 10 को लेकर एक बड़ा ऐलान कर दिया है. कंपनी 14 अक्टूबर, 2025 से आधिकारिक तौर पर Windows 10 का सपोर्ट बंद करने जा रही है. इससे आपके लैपटॉप या कंप्यूटर की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है, क्योंकि 14 अक्टूबर के बाद कंपनी Windows 10 को सपोर्ट करना बंद कर देगी. यानी नए अपडेट और सिक्योरिटी पैच मिलना बंद हो जाएगा. ऐसे में हैकर्स और वायरस का खतरा काफी बढ़ सकता है. लेकिन चिंता करने की कोई बात नहीं है. कुछ आसान तरीकों से आप अपना डिवाइस सेफ रख सकते हैं और फ्री में इसका हल निकाल सकते हैं.

14 अक्टूबर 2025 के बाद माइक्रोसॉफ्ट के Windows 10 यूजर्स Extended Security Updates (ESU) प्रोग्राम का यूज कर सकते हैं. जब Windows 10 का आधिकारिक सपोर्ट बंद हो जाएगा तब यूजर्स को यह प्रोग्राम मदद करेगा. इस प्रोग्राम के तहत सिर्फ सिक्योरिटी अपडेट्स मिलेंगे, जिससे आपकी डिवाइस हैकिंग या वायरस जैसे खतरों से बचा रहे. लेकिन ध्यान रहे, इसमें आपको नए फीचर्स, बग फिक्स या कस्टमर सपोर्ट नहीं मिलेगा. पहले कंपनी इस सुविधा के लिए लगभग 2,500 रुपये चार्ज करने वाली थी, लेकिन अब माइक्रोसॉफ्ट ने इसे पाने के लिए दो फ्री ऑप्शन भी दिए हैं.

Windows 10 पर ESU लेने के तरीके जान लीजिए

1. Microsoft Rewards Points से
अगर आपके पास 1,000 रिवॉर्ड पॉइंट्स हैं, तो उन्हें इस्तेमाल करके आप ESU एक्टिवेट कर सकते हैं. पॉइंट्स जुटाना भी मुश्किल नहीं है. जैसे कि Bing ऐप इंस्टॉल करते ही आपको लगभग 500 पॉइंट्स मिल जाते हैं.

2. Windows Backup को OneDrive से जोड़कर
आप अपने डिवाइस का बैकअप Microsoft OneDrive पर सेव करके भी ESU ले सकते हैं. ध्यान रहे कि OneDrive पर सिर्फ 5GB फ्री स्टोरेज मिलता है. अगर आपको ज्यादा बैकअप चाहिए तो इसके लिए पेड प्लान लेना होगा.

3. पेड सब्सक्रिप्शन
अगर आप चाहें तो लगभग 2,500 रुपये देकर भी एक साल का ESU खरीद सकते हैं. अच्छी बात यह है कि यह अब सिर्फ टेस्टिंग यूजर्स (Insiders) तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी Windows 10 (22H2) यूजर्स इसे ले सकते हैं. कंपनी के अनुसार इसका एनरोलमेंट ऑप्शन आपको Windows की Settings या नोटिफिकेशन में दिखाई देगा.

बता दें कि Windows 11 की हार्डवेयर रिक्वायरमेंट्स के कारण से कई पुराने PCs अपग्रेड नहीं किए जा सकते हैं. वहीं कुछ लोग अलग-अलग तरीकों से Windows 11 इंस्टॉल तो कर लेते हैं, लेकिन माइक्रोसॉफ्ट ऐसे सिस्टम को आधिकारिक सपोर्ट नहीं देता. बता दें, Windows 10 यूजर्स अभी भी अगले तीन साल तक Microsoft 365 (Office Apps) का यूज कर सकेंगे. वहां भी सिर्फ सिक्योरिटी अपडेट्स मिलेंगे लेकिन नए फीचर्स नहीं.

आपके लिए क्या है सही?
अगर आपका डिवाइस Windows 11 सपोर्ट नहीं करता और आप नया डिवाइस लेने की सोच रहे हैं तो ESU प्रोग्राम से जुड़ना ज्यादा सही साबित हो सकता है. फ्री ऑप्शन चुनकर आप पैसे भी बचा सकते हैं लेकिन ध्यान रखें कि यह केवल सिक्योरिटी अपडेट्स मिलेगा, फीचर अपडेट्स नहीं.