यूपी की सड़कों पर मौत का तांडव !अलग-अलग जिलों में हादसे, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश में आज यानी मंगलवार को दो सड़क हादसे हुए. जिसमें दो बाइक सवारों की भीषण टक्कर में मौत हो गई वही उन्नाव में बीजेपी युवा मोर्चा नेता की भी मौत हो गई. आइये विस्तार में जानते हैं.

जानें आगरा में कैसे हुआ हादसा ? उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के थाना न्यू आगरा क्षेत्र अंतर्गत दयालबाग इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने से जबरदस्त भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.

पुलिस ने संभाला मोर्चा जानकारी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही थाना न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है. मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

उन्नाव में भी भीषण सड़क हादसा उन्नाव जिले में भी एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल महामंत्री हैप्पी राजपूत की मौत हो गई. हैप्पी राजपूत बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ जा रहे थे. इसी दौरान असोहा थाना क्षेत्र के लखनऊ–उन्नाव मार्ग पर लाला खेड़ा के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी.

तीन लोग गंभीर घायल, ट्रामा सेंटर में इलाज बताया जा रहा हैं कि हादसे में हैप्पी राजपूत समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल लखनऊ के पीजीआई ट्रामा सेंटर भेजा गया. इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल हैप्पी राजपूत ने दम तोड़ दिया.पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है.

शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि हैप्पी राजपूत की 26 अप्रैल को शादी होने वाली थी. शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुई इस मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में भी शोक की लहर है.स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हादसे पर गहरा दुख जताया है.