लुधियाना के रहने वाले ससुर-दामाद की यूपी में सड़क हादसे में मौत; ट्रैक्टर से टकराकर कार खंती में पलटी

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना जिले के सेमरैला चौक क्षेत्र के निवासी ससुर-दामाद की फतेहपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार दोपहर असोथर थाना क्षेत्र के सिंधूतारा गांव के पास हुआ, जहां ट्रैक्टर और स्विफ्ट डिजायर कार की आमने-सामने भिड़ंत के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे खंती (जमीन में बनाया गया एक पतला गड्ढा) में पलट गए।

हादसे में कार सवार लुधियाना निवासी 50 वर्षीय राजकुमार शर्मा और उनके 26 वर्षीय दामाद सोनू उर्फ सतीश की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजकुमार का 13 वर्षीय पुत्र मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

शादी में शामिल होने गए थे यूपी
जानकारी के अनुसार सोनू उर्फ सतीश अपने ससुर राजकुमार शर्मा के साथ अपने ममेरे भाई दीपू शर्मा निवासी जरौली, असोथर की शादी में शामिल होने आए थे। गुरुवार शाम दीपू शर्मा की बरात चित्रकूट जिले के भरतकूप जानी थी। लेकिन हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।

परिजनों और रिश्तेदारों ने बताया कि मृतक सोनू उर्फ सतीश पंजाब के लुधियाना जिले के सेमरैला चौक इलाके का रहने वाला था। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अचानक इस दुखद समाचार से टूट गया। हादसे के बाद घर में सभी रस्में सादगीपूर्ण तरीके से निभाने का निर्णय लिया गया।