पंचायत चुनाव के आरक्षण पर टिकी नजरें, इस दिन आएगी फाइनल वोटर लिस्ट

महाराजगंज। UP Panchayat Chunav 2026: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सबको यूपी पंचायत चुनाव के आरक्षण की घोषणा का इंतजार है। वहीं फाइनल वोटर लिस्ट को तैयार करने के लिए अंनतिम वोट लिस्ट के वेरिफिकेशन का काम तेजी से जारी है। इस बीच यूपी के महराजगंज जिले से खबर आई है कि यहां कुल 1952026 मतदाताओं के लिए 85 लाख बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा। 9084 बैलेट बाक्स में 1952026 मतदाता अपना वोट डालेंगे। पंचायत निर्वाचन के लिए 28 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बूथों का अनंतिम निर्धारण कर दिया गया है। इसमें कुल 3028 बूथों बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर दो बैलेटे बाक्स व एक रिजर्व बैलेट बाक्स को मिलाकर कुल तीन बैलेट बाक्स भेजा जाएगा। चुनाव कराने के लिए जिले में 85 लाख बैलेट पेपर जिले में आ गया है। हालांकि अभी पंचायत चुनाव के लिए प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य के पदों व वार्डों के लिए आरक्षण की घोषणा नहीं हुई है। सभी की नजर आरक्षण पर टिकी हैं। जबकि मई, जून में 2021 में चुने गए लोगों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। आरक्षण जारी होने के बाद चुनाव की अधिसूचना भी जारी होने में देर नहीं लगेगी। इधर मतदाता सूची में डुप्लीकेट मतदाता का सत्यापन करके मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 28 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन किया जाएगा।

793464 डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन जारी
मतदाता पुनरीक्षण अभियान में हुए सर्वे के बाद जिले में सात लाख 93 हजार 464 डुप्लीकेट मतदाता मिले हैं। वहीं पुनरीक्षण में तीन लाख नौ हजार 955 नए मतदाता बने हैं। इसके अलावा दो लाख 24 हजार 580 मतदाताओं का नाम काटा गया है। जिले में कुल 19 लाख 52 हजार 26 मतदाता हो चुके हैं। अब इसमें से सात लाख 93 हजार 464 डुप्लीकेट मतदाता चिह्नित किए गए हैं, जिनका सत्यापन चल रहा है। सत्यापन के बाद अंतिम मतदाता सूची 28 मार्च को प्रकाशित होगी।

क्या बोले अधिकारी
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मुनीष कुमार ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। जिले में बैलेट पेपर आ चुका है। मतदाता सूची को अंतिम रूप दिए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। सत्यापन के बाद 28 मार्च को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।