लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट गई है. पार्टी गांव-गांव तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान शुरू कर चुकी है.
बीएसपी का लक्ष्य इन चुनावों के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत आधार तैयार करना है. पार्टी सुप्रीमो मायावती ने 7 सितंबर को लखनऊ में सभी पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. इस बैठक में पंचायत चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा. इसके अलावा, 9 अक्टूबर को पार्टी संस्थापक काशीराम के परिनिर्माण दिवस को लेकर भी योजना बनाई जाएगी.
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के बाद से ही पार्टी कैडर कैंप पर फोकस कर रही है. इसके लिए पदाधिकारी गांव-गांव जाकर कैंप कर रहे हैं और लोगों को पार्टी से जोड़ रहे हैं. बसपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि पंचायत चुनाव के बाद पार्टी पंचायत चुनाव की रणनीति को अमली जामा पहनाया जाएगा। इसके अलावा पार्टी दलितों को अपने पक्ष में करने की कवायद में भी जुटी हुई है.
ग्रामीण स्तर पर बढ़ेगी सक्रियता
पार्टी ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपने संगठन को सशक्त करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है. सदस्यता अभियान के तहत कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से जुड़ रहे हैं. बीएसपी का दावा है कि यह अभियान पार्टी को पंचायत चुनाव में शानदार सफलता दिलाएगा. बीएसपी के इस कदम से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है, और अन्य दलों की भी नजर अब इस बैठक और अभियान पर टिकी है.