यूपी में पत्रकारों को CM योगी का तोहफा, सामाजिक सुरक्षा के लिए 80.31 लाख की मंजूरी

लखनऊ। प्रदेश सरकार ने पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा और सहायता के लिए पत्रकार कल्याण कोष के लिए 80 लाख 31 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह राशि पत्रकारों की आकस्मिक सहायता, चिकित्सा सहायता और अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च की जाएगी।

सूचना विभाग के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने इस संबंध में सूचना निदेशालय को आदेश जारी करते हुए बताया कि यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सूचना एवं प्रचार मद के अंतर्गत स्वीकृत की गई है।

इस निर्णय के बाद सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा और कल्याण के लिए राज्य पत्रकार कल्याण कोष की स्थापना का अनुरोध किया था।

अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्रकार कल्याण कोष के लिए 80.31 लाख रुपये की स्वीकृति मिलना पत्रकारों की सुरक्षा, गरिमा और सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।