लखनऊ। सीएम योगी ने 12 मई को लखनऊ में अपने आवास पर अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें सभी प्रमुख विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) और प्रधान सचिव मौजूद थे।
ऊर्जा संकट को देखते हुए योगी सरकार ने सरकारी अधिकारियों की गैर-जरूरी विदेश यात्राओं पर 7 महीनों के लिए रोक लगा दी है। साथ ही शहरों में 5 से 10 किलोमीटर के दायरे में साइकिल चलाने के लिए अलग ट्रैक बनाने को कहा है।
यूपी सरकार के विशेष सचिव प्रवीण कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर विकास विभाग की सभी बैठकें ऑनलाइन कराई जाएं। जिलों के बीच होने वाली बैठकें, प्रशिक्षण और सेमिनार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ही किए जाएं। दफ्तरों में AC, लाइट और लिफ्ट का उपयोग कम से कम किया जाए। AC का तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रखा जाए।
आदेश मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-अमेरिका और इजराइल जंग की वजह से पैदा हुए ऊर्जा संकट से निपटने के लिए नगर विकास विभाग ने 21 मई को जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जंग की वजह से होर्मुज स्ट्रेट से कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई। इसका सीधा असर भारत पर पड़ रहा है।
पीएम मोदी ने 10 और 11 मई को लोगों से पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के संयमित उपयोग, अनावश्यक विदेश यात्रा कम करने, सोने की खरीदारी पर ब्रेक लगाने और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की अपील की थी। इसके बाद 12 मई को यूपी सरकार ने 7 बड़े फैसले लिए थे। मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और अफसरों का काफिला 50% तक घटाने को कहा था। हफ्ते में एक दिन इन्हें पब्लिक ट्रांसपोर्ट या बस-मेट्रो से चलने को कहा गया।