नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में अगले की साल की शुरूआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पिछले कई सालों से यूपी की सियासत में राम मंदिर का मुद्दा काफी जोर पकड़े हुए है। इस बीच राम मंदिर चंदा चोरी का मामला इन दिनों काफी सुर्खियों में है।
समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर सरकार पर जमकर हमलावर है, जबकि कांग्रेस भी चंदा चोरी के मामले पर सवाल उठा रही है। अब इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव में राम मंदिर को कांग्रेस मुद्दा नहीं बनाएगी।
सोमवार को कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने अयोध्या के राम मंदिर के लिए मिले दान में गड़बड़ी के आरोपों पर कहा, ‘मैं इसे कानूनी मामले के तौर पर देखता हूं। पहले जांच होती है, फिर रिपोर्ट आती है और जांच के नतीजों के आधार पर मामला आगे ट्रायल वगैरह तक जा सकता है।
सुप्रीम कोर्ट के दखल पर क्या बोले खुर्शीद?
सलमान खुर्शीद ने आगे कहा, इस मामले को लेकर लोगों में काफी ज्यादा दिलचस्पी है और लाखों लोग इसे अपनी आस्था से जुड़ा मानते हैं। इसलिए सुप्रीम कोर्ट का दखल देना और यह पक्का करना कि सब कुछ ठीक-ठाक हो, एक अच्छी बात है।
‘गड़बड़ी हुई ही क्यों’
कांग्रेस नेता ने कहा, जरूरी बात यह है कि कानूनी प्रक्रिया सामान्य तरीके से आगे बढ़े। हालांकि, मुझे लगता है कि अदालतें चाहे जो भी करें या जैसे भी करें, वे असल में गड़बड़ियों को ठीक ही कर रही हैं। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर गड़बड़ी हुई ही क्यों?…
‘राम मंदिर को आस्था से संबंधित रखिए’
उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सलमान खुर्शीद ने कहा, ‘राम मंदिर के आंदोलन के समय और जब राम मंदिर बन रहा था और इससे जो लोग जुड़े थे हमने तब कहा था इसको आस्था से संबंधित रखिए और सीमित रखिए इसको राजनीति में मत लाए लेकिन हमारी बात नहीं मानी गई।
‘हम राम मंदिर को राजनीति में नहीं लाएंगे’
सलमान खुर्शीद ने कहा, ‘हम राम मंदिर को राजनीति में नहीं लाएंगे, हम सबका दायित्व बनता है कि हर एक की आस्था का सम्मान हो और राम मंदिर और भगवान राम जी की आस्था का सम्मान होना चाहिए। लेकिन इसको राजनीति में न लाए तो अच्छा है अब जनता अपना निर्णय खुद लेगी।
उन्होंने कहा, ‘हम तो यही कहेंगे कि जनता की सेवा के लिए कौन उचित है ये प्रस्तुत हम जनता के सामने करें और जनता से अपना समर्थन लेने की कोशिश करें।’