प्रयागराज: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे की सौगात प्रदेशवासियों को बुधवार 29 अप्रैल को देने जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण हरदोई जिले के मल्लावां से करेंगे. प्रदेश का सबसे लंबा 594 किलोमीटर का मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेस-वे न केवल यूपी के आर्थिक विकास का ग्रोथ इंजन बनेगा. बल्कि यह यूपी की लाइफ लाइन भी बनेगा. यह एक्सप्रेस-वे पूरब को जहां पश्चिम को सीधे कनेक्ट करेगा.
गंगा एक्सप्रेस-वे से 12 जिले 518 गांव भी जुड़ेंगे. एक्सप्रेस-वे बन जाने से जहां औद्योगिक विकास में गति आएगी. वहीं इसका सीधा लाभ व्यापारियों और किसानों को मिलेगा. इसके साथ ही साथ गंगा एक्सप्रेस-वे से उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा. गंगा एक्सप्रेस-वे शुरू हो जाने के बाद मेरठ और प्रयागराज के बीच की दूरी 6 से 7 घंटे के बीच तय होगी. मेरठ एक्सप्रेस-वे के साथ ही यूपी देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला राज्य बन गया है. इसका निर्माण 36320 करोड़ की लागत से किया गया है.
वहीं अब गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण को लेकर संगम नगरी प्रयागराज के लोगों में भी खासी उत्सुकता है. प्रयागराज के बुद्धिजीवी जहां गंगा एक्सप्रेसवे को बीजेपी की डबल इंजन सरकार की बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं. वहीं लोगों का भी मानना है कि गंगा एक्सप्रेस-वे से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. गंगा एक्सप्रेस-वे की शुरुआत हो जाने से प्रयागराज के साथ ही साथ वाराणसी, विंध्याचल धाम, चित्रकूट और यहां तक की अयोध्या में भी धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. लोगों ने गंगा एक्सप्रेसवे का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. किसानों और उद्यमियों के लिए विकास का रास्ता खुलेगा. उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन इकोनामी बनाने में भी यह एक्सप्रेस में मील का पत्थर साबित होगा.
गौरतलब है कि गंगा एक्सप्रेस-वे की परिकल्पना सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने पहले कार्यकाल में वर्ष 2019 के कुंभ में कैबिनेट बैठक के बाद की थी. सीएम योगी कैबिनेट ने गंगा एक्सप्रेस-वे का प्रस्ताव पास किया था. इसके बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 दिसंबर 2021 को शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था. गंगा एक्सप्रेस-वे करीब 64 महीने में बनकर तैयार हो गया है. जिसे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश की जनता को समर्पित करने जा रहे हैं. वहीं गंगा एक्सप्रेस-वे को लेकर लोगों में भी खासी उत्सुकता बनी हुई है.