उत्तर प्रदेश में दो दिन की बारिश के बाद सर्दी बढ़ गई हैं. आज भी प्रदेश में ठंडी हवाएं चलने का अनुमान हैं, जिससे ठंड कांपने पर मजबूर कर देगी. गुरुवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान हैं लेकिन, अब घने कोहरे का प्रकोप देखने को मिलेगा. ऐसे में कई जगहों पर कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक में आज मौसम शुष्क रहेगा, किसी तरह की चेतावनी नहीं दी गई है लेकिन दोनों ही संभागों के कुछ जिलों में आज कोहरे का अलर्ट दिया गया है. सुबह और शाम के समय कुछ जगहों पर कोहरे की वजह से आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ सकती हैं. अगले 48 घंटे ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान हैं.
यूपी के 16 जिलों में कोहरे का अलर्ट
यूपी में बारिश के बाद कई जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया में आज मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है.
नोएडा से लखनऊ तक कैसे रहेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह बेहद हल्का कोहरा रह सकता है लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छँट जाएगा और खिली-खिली धूप निकलने का अनुमान हैं. यहां अधिकतम 22 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. नोएडा-गाजियाबाद में भी आज दिन के समय धूप निकलेगी, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी.
यूपी में नया पश्चिमी विक्षोभ हो रहा सक्रिय
31 जनवरी से प्रदेश में फिर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा हैं, जिसके चलते बारिश का दौर देखने को मिलेगा. एक फरवरी से तीन फरवरी तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान हैं. इस दौरान नोएडा, ग़ाज़ियाबाद, लखनऊ, मेरठ, रायबरेली, सहारनपुर व आसपास के जिलों में बारिश के आसार बन रहे हैं. जिससे तापमान में तेजी से गिरावट आएगी.