लखनऊ। निपुण भारत मिशन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने के लिए जिला समन्वयकों को विशेष प्रशिक्षण देने जा रही है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद लखनऊ में एक और दो जून को राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिला समन्वयक प्रतिभाग करेंगे।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण से विद्यालय स्तर पर अकादमिक अनुश्रवण मजबूत होगा और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक सहयोग मिल सकेगा। प्रशिक्षण में जिला समन्वयकों को डाटा आधारित योजना निर्माण, प्रभावी समीक्षा प्रणाली, शिक्षक सहयोग तंत्र और गुणवत्ता मूल्यांकन से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
एक जून को नौ मंडलों के जिला समन्वयक और दो जून को शेष नौ मंडलों के प्रतिभागी शामिल होंगे। कार्यक्रम में एफएलएन, गतिविधि आधारित शिक्षण, शिक्षक क्षमता संवर्धन और गुणवत्ता शिक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।