यूपी के बुलंदशहर में बदमाशों से एनकाउंटर, दो बदमाशों को लगी गोली

यूपी के बुलंदशहर में बुधवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर हुआ है। कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के ककराला के निकट तारीख से वापस आ रहे बाइक सवार युवक को कुछ लोगों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर घायल कर दिया था। इसी मामले में बदमाशों को खोज रही पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई है। पुलिस से एनकाउंटर में तीन बदमाश पकड़े गए हैं। इनमें दो बदमाशों को गोली लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर रात को थाना खुर्जा नगर पुलिस और स्वाट टीम देहात एक अभिसूचना के आधार पर ढाँकर मोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चोला रोड की तरफ से बाइक पर तीन संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिये। जिनको रूकने का इशारा किया गया, तो नही रुके। बल्कि पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए बाइक को तेजी से लेकर पीला बम्बा कच्ची पटरी पर भागने लगे। जिस पर पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया, तो कुछ दूरी पर बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गयी।

बदमाशों ने अपने आपको पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस टीम द्वारा की गयी जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गये। जिनको अपने एक अन्य साथी सहित गिरफ्तार किया गया। घायल बदमाशों की पहचान मुकेश पुत्र राजकुमार निवासी गौतमनगर सिटी स्टेशन के पीछे थाना खुर्जा नगर और पवन ठाकुर पुत्र मनोज कुमार राघव निवासी मौहल्ला सिटी स्टेशन बालाजी मन्दिर के पीछे थाना खुर्जा नगर के रूप में हुई।

वहीं, तीसरे बदमाश की पहचान युवराज उर्फ युधिष्ठिर उर्फ डॉन पुत्र ब्रजनन्दन निवासी मौहल्ला सिटी स्टेशन गली न0 5 थाना खुर्जा नगर जनपद बुलन्दशहर के रुप में हुई हैं। घायल बदमाशों को उपचार के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के पास से दो अवैध तमंचे 315 बोर, एक जिन्दा, दो खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस, एक बाइक बरामद की गई है।

सीओ ने बताया कि बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं। जिनके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मंगलवार की दोपहर को थाना खुर्जा नगर क्षेत्रान्तर्गत कबाडी बाजार चौराहा ककराला के निकट अर्जुन उर्फ अन्नू निवासी अहीरपाड़ा को गोली मारकर घायल करने की घटना की गयी थी। जिसके सम्बन्ध में थाना खुर्जा नगर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। तीनों बदमाशों को जेल भेजा जा रहा है। बदमाश मुकेश और पवन पर कोतवाली खुर्जा नगर में मुकदमे दर्ज हैं। इसमें मुकेश पर तीन और पवन पर एक मुकदमा दर्ज है।