पीलीभीत। गन्ना भुगतान न होने से नाराज हजारों किसानों ने कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार के नेतृत्व में एकजुट होकर गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार की कोठी का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में जुटे किसानों ने उत्तर प्रदेश सरकार और चीनी मिलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।
इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के गन्ना किसानों का बकाया भुगतान जल्द से जल्द कराना और लंबे समय से बंद पड़ी मझोला चीनी मिल को दोबारा शुरू करवाना था।
किसानों का कहना है कि बरखेड़ा चीनी मिल समेत जिले की अन्य चीनी मिलों द्वारा किसानों के गन्ने का समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि अन्नदाता अपने ही हक के पैसे के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि मझोला चीनी मिल को चालू करने और बरखेड़ा सहित सभी बकाया गन्ना भुगतानों को तुरंत निपटाने के लिए कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और अधिक उग्र रूप ले लेगा। कोठी पर हुए इस जोरदार प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर तैनात रहा ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।