TET का खौफ! टीचर ने फांसी लगाकर दे दी अपनी जान-जानें पूरा मामला

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता और पारिवारिक दबाव से परेशान एक शिक्षक ने आत्महत्या कर ली. यह दिल दहला देने वाली घटना राठ कोतवाली क्षेत्र के अतरौलिया मुहल्ले की है, जहां सहायक अध्यापक गनेशीलाल का शव उनके ही सुनसान पड़े घर में फांसी के फंदे से लटकता मिला. घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

नौकरी जाने और बेटी की शादी की चिंता
परिजनों के अनुसार, गनेशीलाल बीते दिनों से कोर्ट द्वारा तय की गई दो साल की अनिवार्यता में टीईटी परीक्षा पास करने के दबाव को लेकर तनावग्रस्त थे. परीक्षा पास न कर पाने की स्थिति में नौकरी छिनने का भय उन्हें लगातार सता रहा था. इसके साथ ही बड़ी बेटी की शादी की जिम्मेदारी ने उनकी चिंता और बढ़ा दी थी.

परिजनों ने बताया हाल
मृतक के बेटे पियूष अनुरागी ने बताया कि उनके पिता गोहानी उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे. वह लगातार पढ़ाई कर रहे थे और परिवार से भी अपनी चिंताओं का जिक्र किया करते थे. घटना से ठीक एक दिन पहले ही उन्होंने अपने माता-पिता का पिंडदान कर गया जी से लौटने के बाद परिजनों से मुलाकात की थी. इसके अगले दिन सुबह घर से निकले और शाम तक घर नहीं लौटे.

खाली मकान में मिला शव
जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजन उनकी तलाश करते हुए कस्बे के अतरौलिया मुहल्ले स्थित उनके खाली पड़े मकान पहुंचे. वहां बिजली की डोरी से उनका शव फंदे पर लटका मिला. यह दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए.तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा. घटना से इलाके में गहरा शोक व्याप्त है और लोग शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं.