यूपी के चार निगमों में अब होंगे 4 जोन, आबादी के आधार बांटे गए शहर

प्रयागराज। योगी सरकार ने नए सिरे से जोन तय करने के लिए आबादी के आधार पर शहरों को वर्गीकृत किया है। अब प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और गाजियाबाद नगर निगम में सिर्फ चार जोन ही होंगे। हर जोन की आबादी औसतन पांच-पांच लाख होगी। प्रमुख सचिव नगर विकास ने प्रयागराज समेत प्रदेश के 17 शहरों में पांच-पांच लाख की आबादी के आधार जोनल कार्यालय बनाने का आदेश जारी किया है।

प्रमुख सचिव के आदेश में 16 शहरों को 64 जोन में बांटने का जिक्र है। इसके लिए आबादी के हिसाब से शहरों को तीन श्रेणी में बांट गया है। 20 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर नगर, आगरा, वाराणसी और गाजियाबाद को शामिल किया गया है। इसी प्रकार 10 से 20 लाख की आबादी के सात और 10 लाख से कम आबादी वाले चार शहर चिह्नित किए गए हैं। सभी शहरों में जोन बनाने का आधार पांच लाख की आबादी ही है।

प्रमुख सचिव का आदेश पहुंचने के बाद प्रयागराज नगर निगम में आठ जोन को चार जोन में समेटने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी व जनसंपर्क अधिकारी पीके मिश्रा ने प्रमुख सचिव का आदेश आने की पुष्टि करते हुए बताया कि पांच लाख की आबादी के आधार पर जोन तय किए जाएंगे। गंगा-यमुना के पार शहरी सीमा होने से यहां जोन बांटने के लिए मेहनत करनी होगी, लेकिन प्रमुख सचिव का आदेश है तो आबादी के आधार पर नए जोन निर्धारित किए जाएंगे। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आबादी के अनुसार जोन बनाए जाने के बाद कम से कम सहायक नगर आयुक्त स्तर के अधिकारी के पास जोन की कमान होगी।

20 लाख से अधिक आबादी वाले शहर
शहर प्रस्तावित जोन की संख्या

प्रयागराज- चार

वाराणसी- चार

आगरा -चार

गाजियाबाद -चार

लखनऊ- आठ

कानपुर- सात

10 से 20 लाख आबादी वाले शहर
शहर प्रस्तावित जोन की संख्या

गोरखपुर -तीन

मुरादाबाद- तीन

मेरठ- तीन

बरेली- तीन

अलीगढ़- तीन

मथुरा-वृंदावन -तीन

अयोध्या- तीन

10 लाख से कम आबादी वाले शहर
शहर प्रस्तावित जोन की संख्या

झांसी -तीन

सहारनपुर -तीन

फिरोजाबाद- तीन

शाहजहांपुर -तीन

प्रयागराज नगर निगम के वर्तमान जोन

खुल्दाबाद, मुट्ठीगंज, कटरा, अल्लापुर, नैनी, झूंसी, फाफामऊ, ट्रांसपोर्टनगर