8.5 लाख कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, जानें क्या हो रहा बदलाव

UP Employees Promotion Process: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ा प्रशासनिक सुधार लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अब प्रदेश के अधिकारी और कर्मचारियों की पदोन्नति (प्रमोशन) की प्रक्रिया को भी ऑनलाइन किया जाएगा। इसके लिए मानव संपदा पोर्टल पर डीपीसी (Departmental Promotion Committee) मॉड्यूल विकसित किया गया है। इस संबंध में मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।

सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी विभागों को 31 मार्च तक इस नई प्रणाली के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करनी होंगी। इसके बाद कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़ी प्रक्रिया धीरे-धीरे पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित की जाएगी। इस व्यवस्था से प्रदेश के लगभग 8.5 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की पहल
राज्य सरकार का मानना है कि पदोन्नति प्रक्रिया को ऑनलाइन करने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। अब तक कई विभागों में डीपीसी की प्रक्रिया कागजी फाइलों के माध्यम से पूरी की जाती थी, जिससे समय अधिक लगता था और कई बार रिकॉर्ड खोजने में भी कठिनाई होती थी।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारी से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां डिजिटल रूप में एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। इससे विभागीय पदोन्नति समितियों को निर्णय लेने में सुविधा होगी और प्रक्रिया में तेजी आएगी।