वेस्ट यूपी के लिये खुशखबरी! हरिद्वार तक होगा मेरठ कॉरिडोर का विस्तार

Good news for West UP! Meerut corridor to be extended to Haridwar.

हरिद्वार: उत्तराखंड की विश्वविख्यात धार्मिक नगरी हरिद्वार-ऋषिकेश तक नमो भारत एक्सप्रेस ट्रेन से सफर संभव हो सकता है। इसको लेकर रूट पर सर्वे की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। अभी दिल्ली से मेरठ के बीच नमो भारत एक्सप्रेस से लोग सफर कर रहे हैं। नमो भारत ट्रेन का संचालन करने वाली नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) के इस विस्तार प्रोजेक्ट पर विचार कर रही है। इसके निर्माण से दिल्ली से हरिद्वार तक का सफर काफी तेज हो जाएगा। हरिद्वार-ऋषिकेश तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली-देहरादून रैपिड रेल नेटवर्क के विकास से पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड तक दिल्ली से कनेक्टिविटी काफी मजबूत हो जाएगी। तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और सामान्य यात्रियों को एक बेहतर विकल्प मिलेगा।

मुख्य सचिव को भेजा पत्र
एनसीआरटीसी की ओर से प्रस्तावित विस्तार प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने पर सहमति बनी है। एनसीआरटीसी के एमडी शलभ गोयल की ओर से इस संबंध में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन को पत्र लिखा गया है। इसमें प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई है। साथ ही, मुख्य सचिव से शुरुआती स्टडीज के लिए जरूरी फंड की मंजूरी मांगी गई है। प्रस्ताव में रूट का सर्वे, अल्टरनेटिव एनालिसिस रिपोर्ट तैयार करना और डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) का ड्राफ्ट बनाने की बात कही गई है। प्रोजेक्ट पर आगे काम के लिए इन मुद्दों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

7.02 करोड़ रुपये की मांग
एनसीआरटीसी ने प्लानिंग प्रोसेस के तहत सर्वे और जरूरी रिपोर्ट तैयार करने के लिए 7.02 करोड़ रुपये की मांग की है। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तराखंड के मुख्य सचिव ने प्रदेश के परिवहन विभाग को इस प्रोजेक्ट के लिए एक औपचारिक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है। प्रस्ताव तैयार होने के बाद, इसे मंजूरी के लिए राज्य कैबिनेट के सामने रखे जाने की उम्मीद है। परिवहन विभाग ने नमो भारत ट्रेन के प्रस्तावित विस्तार और इसके लिए जरूरी फंड के बारे में वित्त विभाग के साथ बातचीत भी शुरू कर दी है।

सीएम के स्तर पर चर्चा
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर दिया है। इसके लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने बार-बार प्रस्तावित रूट में मुजफ्फरनगर को भी शामिल करने की बात कही है। उनका मानना है कि इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ेगी और अधिक लोगों को फायदा होगा। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक शुरू होने के बाद इस प्रस्ताव की चर्चा शुरू हुई है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण से दिल्ली से देहरादून की दूरी महज ढाई घंटे की रह गई है। नमो भारत की कनेक्टिविट होने से उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दिल्ली तक तेज और सुविधाजनक पब्लिक ट्रांसपोर्ट का विकल्प मिल जाएगा। इस क्षेत्र के लोगों के लिए यह ट्रांसपोर्ट को और आसान बनाएगा।

क्या है विस्तार योजना?
प्रस्ताव के अनुसार, मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक का विस्तार करीब 150 किलोमीटर का होगा। इसमें से लगभग 72 किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश में और बाकी 78 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड में होगा। अभी, दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली में सराय काले खां और मेरठ में मोदीपुरम के बीच चलता है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दिल्ली से उत्तराखंड के बीच धार्मिक यात्रा और पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। साथ ही, इससे कारोबारियों को भी फायदा होने की उम्मीद है।