अंबेडकरनगर. नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े मामले में गुजरात ATS की टीम ने उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में छापेमारी की. टीम ने महरुआ थाना क्षेत्र के कारी गांव स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर दबिश देकर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी अयोध्या जिले के तारुन क्षेत्र के रहने वाले हैं. इनकी पहचान रमाशंकर उर्फ पंकज और कपिलदेव के रूप में हुई है. दोनों पर अहमदाबाद में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में फरार होने का आरोप था.
जानकारी के अनुसार, जनवरी माह में अहमदाबाद पुलिस ने नशीले पदार्थों के साथ कई लोगों को गिरफ्तार किया था और करोड़ों रुपये मूल्य का मादक पदार्थ बरामद किया गया था. उस मामले की जांच के दौरान इन दोनों तस्करों की पहचान हुई थी और कई महीनों से गुजरात पुलिस इन्हें तलाश रही थी. गुजरात ATS की टीम विशेष सूचना पर अंबेडकरनगर पहुंची और महरुआ थाना क्षेत्र के कारी गांव में स्थित पोल्ट्री फार्म पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी वहीं छिपे हुए थे, जिन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया. ATS की टीम अब दोनों को अहमदाबाद ले गई है, जहां आगे की पूछताछ की जाएगी.
यह कार्रवाई अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है. पुलिस का मानना है कि ये दोनों आरोपी बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई में शामिल थे. अंबेडकरनगर पुलिस ने गुजरात ATS टीम को पूर्ण सहयोग दिया. स्थानीय स्तर पर इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने का संकेत दिया है.