मेरठ से मथुरा तक पुलिस-बदमाशों के बीच ठायं-ठायं, 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार

UP Encounter: यूपी में अपराध के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा अभियान जारी है. प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चल रहे इस अभियान के जरिए शातिर अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं. मेरठ से लेकर मथुरा और सहारनपुर जिले में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. एनकाउंटर में कई बदमाश गोली लगने से घायल हुए. जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

मेरठ में पुलिस ने दबोचा बदमाश
मेरठ की जानी थाना जानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मुकदमे में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मेरठ एसएसपी विपिन ताड़ा के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान में जानी थाना टीम बुधवार देर रात जानी गंगनहर पटरी से भूपगढ़ी जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग कर रही थी.

बदमाश ने पुलिस पर की फायरिंग
इसी दौरान संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. पकड़े गए बदमाश की पहचान शिवा राणा पुत्र जितेंद्र राणा निवासी के-ब्लॉक शास्त्री नगर थाना नौचंदी मेरठ, हाल निवासी शनि मंदिर के पास सतवई मार्बल वाली रोड, बागपत रोड ट्रांसपोर्ट नगर मेरठ के रूप में हुई है.

पुलिस का क्या कहना?
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना जानी में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित था, जिस पर 25 हजार का इनाम घोषित था. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस नाल में फंसा हुआ व चोरी की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई. पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने के आरोप में थाना जानी पर आरोपी के खिलाफ एक मुकदमा आयुध अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है.

सनसनीखेज हत्याकांड का आरोपी है शिव राणा
एसपी देहात ने बताया कि 8 फरवरी 2025 की रात ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे पुल के पास पठानपुरा रोड स्थित राधाकुंज कॉलोनी में शिवा राणा ने अपने साथी रिंकू के साथ मिलकर ग्राम पांचली निवासी इमरान की गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के दौरान इमरान के भाई सलमान और जावेद भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे. वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था. पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा.

पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़
सहारनपुर में अपराध नियंत्रण के तहत थाना मण्डी पुलिस को बड़ी सफलता मिली. शक्लापुरी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई.पुलिस को देखकर बाइक सवार दो संदिग्ध भागने लगे, पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल रजवाले की पुलिया के पास फिसलकर गिर गई. बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

घायल बदमाश की पहचान तैय्यब उर्फ रहमान निवासी अमजद नगर, थाना मण्डी के रूप में हुई है. वह थाना बेहट में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित और हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ करीब एक दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं. उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट बाइक और 6,900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. घायल अभियुक्त का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

मथुरा- पुलिस एनकाउंटर में बदमाश घायल
मथुरा जिले में थाना कोतवाली पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के एक बड़ी सफलता हासिल की है. के.आर. डिग्री कॉलेज के पास हुई एक पुलिस मुठभेड़ में दुष्कर्म का आरोपी शातिर अपराधी ओमप्रकाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया अभियुक्त ओमप्रकाश (34 वर्ष), पुत्र राधारमन, ग्राम जुल्हेदी (थाना गोवर्धन) का निवासी है. उस पर आरोप है कि उसने लिफ्ट देने के बहाने एक महिला के साथ बलात्कार की जघन्य वारदात को अंजाम दिया था.

मुठभेड़ और गिरफ्तारी
आज सुबह करीब 04:45 बजे, मुखबिर की सूचना पर एसओजी और कोतवाली पुलिस ने के.आर. डिग्री कॉलेज के पास घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया है.