लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे दिन गुजर रहे हैं, वैसे-वैसे मौसम का मिजाज भी बदलता जा रहा है। प्रदेश में आने वाले दिनों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में अगले 5 दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी यूपी में 15 से 19 सितंबर तक झमाझम बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में पड़ने वाले जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं है। यानी आगामी दिनों में कहीं भारी बारिश तो कहीं भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल सकता है। फिलहाल प्रदेश में दिन और रात के समय ठीक-ठाक गर्मी और उमस पड़ रही है।
14 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं भी भारी बारिश होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में 15 सितंबर से मौसम बदल सकता है। सोमवार को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर और पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार जताए गए हैं। 15 सितंबर को पूर्वी यूपी में बादल गरजने व बिजली चमकने के साथ ही कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
पूर्वी यूपी बारिश का अलर्ट
16 और 17 सितंबर को पश्चिमी व पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने के अलर्ट भी जारी किया गया है, जबकि पश्चिमी यूपी के कहीं भी भारी बारिश होने की संभावना नहीं है। इसी तरह 18 और 19 सितंबर को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर और पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। इस अवधि में पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
शनिवार को मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक वाराणसी बीएचयू में 13.6 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही उरई और प्रयागराज में 36.8℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। कानपुर ग्रामीण में 36.4℃, सुल्तानपुर में 36℃, हमीरपुर में 36.2℃, झांसी में 35℃, बांदा में 35.4℃, बहराइच में 35.6℃ और वाराणसी बीएचयू में 35.1℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। इसी तरह लखनऊ में 35.3℃ अधिकतम और 26.5℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं बाराबंकी में 24℃, हरदोई में 25.5℃, इटावा में 23.4℃, लखीमपुर खीरी में 27℃, बलिया में 28.5℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।