यूपी में दबंगों ने युवक को अगवा कर जमकर की मार-पीट, जबरन पिलाया पेशाब

In UP, goons kidnapped a young man, beat him up and forced him to drink urine

ललितपुर। यूपी में ललितपुर के तालबेहट क्षेत्र की एक घटना ने समाज को शर्मसार कर दिया। बोलारी गांव के चौराहे से एक युवक को दबंगों ने पकड़ सुनसान स्थान पर ले जाकर मारापीटा और जबरन मल-मूत्र पिलाया। किसी तरह पीड़ित उनके कब्जे से छूटा और पुलिस के पास पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दबंगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार तालबेहट क्षेत्र स्थित ग्राम बिजरौठा के मजरा बोलारी निवासी शिवम ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन सितंबर को वह अपने गांव के चौराहे पर खड़ा था। तभी अमित रजक, हरेंद्र और लेखराम आए और बिना किसी बात पर जबरिया पकड़ लिया। उसे अगवा कर तीनों उसे एक सुनसान स्थान पर ले गए और वहां उसे मारा पीटा और जबरन मल-मूत्र पिलाया। किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।

शिवम का कहना है कि वो किसी तरह पुलिस तक पहुंचा और तीनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी मनोज मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मल-मूत्र पिलाने की घटना निंदनीय है। नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि शिवम और तीनों आरोपित 15 दिन पहले वैष्णो देवी की यात्रा पर गए हुए थे। यात्रा के दौरान आरोपितों के संग को पानी में पेशाब मिलाकर पिलाने की घटना हुई थी। यात्रा से लौटने के बाद शिवम ने गांव में घटना को सार्वजनिक किया था। इसी का बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया। तहरीर मिलती है तो वादी पक्ष पर भी रिपोर्ट की जाएगी।