होली से पहले यूपी में अवैध शराब पर बड़ा एक्शन, कई जिलों में छापेमारी

Action against illegal liquor in UP: होली पर्व को लेकर उत्तर प्रदेश में पुलिस और आबकारी विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहे हैं. प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाते हुए लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है.इस दौरान भारी मात्रा में कच्ची शराब, लहन और शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.

ललितपुर में आरोपी गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ललितपुर जिले में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 395 लीटर कच्ची शराब बरामद की तथा 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया.अभियान के दौरान करीब 5000 लीटर लहन नष्ट किया गया. सदर कोतवाली क्षेत्र के चीरा कबूतरा डेरा, मऊमाफी और घटवार कबूतरा डेरों पर छापेमारी कर जमीन के नीचे प्लास्टिक ड्रमों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई. टीम ने मौके पर संचालित अवैध भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया.

जानें बागपत का हाल ?
वहीं बागपत जिले में प्रशासन ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की. बागपत कोतवाली क्षेत्र के निवाड़ा चेक पोस्ट पर पुलिस ने हरियाणा से अवैध रूप से लाई जा रही 95 पेटी शराब पकड़ी. इस दौरान तीन वाहन और तीन शराब तस्करों आकाश, अंकित और रोहित को गिरफ्तार किया गया. पुलिस मामले से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

अमेठी में ड्रोन सर्विलांस शुरू
अमेठी में होली के मद्देनजर पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए ड्रोन सर्विलांस शुरू किया है. नदी, नहर और जंगल क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी के दौरान दो स्थानों पर अवैध कच्ची शराब बनाते लोगों को पकड़ा गया. अब तक करीब 400 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है तथा दस गांव पुलिस की निगरानी में रखे गए हैं.

कुशीनगर में शराब माफिया फरार
कुशीनगर जिले में भी पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सीओ कसया कुंदन सिंह के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया. कसया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मैनपुर के टोला खदही और टोला धोबहा में गेहूं के खेतों और शौचालयों में छिपाकर रखी गई कच्ची शराब और लहन बरामद किया गया. कार्रवाई के दौरान सात क्विंटल लहन नष्ट किया गया और पांच अवैध शराब भट्ठियों को तोड़ दिया गया, हालांकि मौके से शराब माफिया फरार हो गए.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि अवैध शराब पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और त्योहार सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके.